
अलीगढ़। दरोगा की पिटाई से महिला का गर्भपात हो गया। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी दरोगा अब समझौते का दबाव बना रहा है। गर्भपात होने के बाद दरोगा मेडिकल कॉलेज पहुंचा, जहां महिला का इलाज चल रहा है। यहां दरोगा ने महिला को रुपए देने का प्रलोभन भी दिया। महिला ने दरोगा पर समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
क्या है मामला
बता दें कि 25 जनवरी को गंगीरी थाने में स्कूटर चोरी के मामले में बंद पति अनिल से मिलने गई महिला से दरोगा रामराज यादव ने अभद्रता की और लात घूसों से मारपीट की। पीड़ित महिला के अनुसार उस समय दो महीने की गर्भवती थी और दरोगा के मारपीट करने से उसके गर्भ को चोट पहुंची। अधिक दर्द होने पर पीड़ित महिला ने डॉक्टर से परामर्श और अल्ट्रासाउंड कराया, तो गर्भ में बच्चे की धड़कन बंद हो चुकी थी, डॉक्टरों के अनुसार भ्रूण को अगर जल्दी नहीं निकाला गया तो महिला के जीवन पर संकट आ जाएगा।
जांच में दरोगा को बचाने का प्रयास
इस पूरे प्रकरण को लेकर एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी बरला अनुज चौधरी को जांच सौंपी थी। पांच दिन होने के बाद भी अभी तक जांच की कोई रिपोर्ट नहीं आई है, महिला के अनुसार जांच अधिकारी समय से जांच पूरी करके नहीं दे रहे हैं, पूरे मामले में आरोपी दरोगा को बचाए जाने का काम किया जा रहा है और जांच को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। पीड़िता पिंकी ने बताया की मेडिकल कॉलेज में रामराज यादव आए थे और पैसे देकर मामले को रफा-दफा करने की कह रहे थे। पीड़िता ने जांच में दरोगा को बचाए जाने के प्रयास का भी आरोप लगाया। वहीं पीड़िता ने कहा है न्याय न मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। महिला ने उसके पति को भी गलत तरीके से फसाए जाने का भी आरोप लगाया है।