अलीराजपुर

MP में थाने से 500 मीटर दूर ‘गुजरात पुलिस’ टीम पर जानलेवा हमला, 25 हथियारबंद बदमाशों ने घेरा

MP News: हमलावरों ने धारदार हथियार से वाहन के टायर को भी पंचर कर दिया। वाहन चालक के पास बैठे गुजरात पुलिस के एसआई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमले की कोशिश भी की गई....

2 min read
Gujarat police (Photo Source - Patrika)

MP News: एमपी के आलीराजपुर के कट्ठीवाड़ा में गुजरात पुलिस की टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में गुजरात पुलिस के उपनिरीक्षक सहित 4 पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल भाग कर अपनी जान बचाई। दरअसल गुजरात के आणंद जिले के बोरसाद थाने की पुलिस मंगलवार को कट्ठीवाड़ा के काछला गांव में एक फरार वारंटी की तलाश में आई थी। काछला गांव का भीखा राठवा अवैध शराब से जुड़े एक मामले में कई दिनों से फरार चल रहा था, उसी की तलाश में गुजरात पुलिस काछला गांव पहुंची थी।

ये भी पढ़ें

ऑटो सिग्नल सिस्टम ‘डायरेक्ट ड्राइव’ पर दौड़ेंगी ट्रेनें, 33.86 किमी. पर बढ़ेगी रफ्तार

अधिकारियों से किया गाली-गलौच

आरोपी की तलाश के बाद जैसी ही गुजराज पुलिस की टीम कट्ठीवाड़ा थाने पर अपनी आमद देने पहुंची, उनका पीछा करते हुए कुछ लोग भी थाना परिसर में पहुंच गए और गुजरात पुलिस के अधिकारियों से गाली-गलौच कर विवाद करने लगे। इसी बीच कट्ठीवाड़ा पुलिस ने बीच बचाव किया और गुजरात पुलिस को थाने की सीमा तक छोड़ने के लिए एक अन्य वाहन के साथ रवाना किया। लेकिन कट्ठीवाड़ा थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर ही करीब 20-25 हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस की मौजूदगी में गुजरात पुलिस के निजी वाहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पंचर कर दिया टायर

हमलावरों ने धारदार हथियार से वाहन के टायर को भी पंचर कर दिया। इतना ही नहीं वाहन चालक के पास बैठे गुजरात पुलिस के एसआई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमले की कोशिश भी की गई, हालांकि एसआई ने सतर्कता दिखाते हुए जैसे तैसे अपनी बचाई। घटना के दौरान गुजरात पुलिस द्वारा आत्मरक्षा के लिए 3 राउंड हवाई फायर भी किए गए। इसी बीच चन्द्रशेखर आज़ाद नगर थाने का बल भी मौके पर पहुंचा जिसके बाद हमलावर गुजरात पुलिस को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद कट्ठीवाड़ा और आस-पास के इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल हो गया था।

सख्त कार्रवाई करने के निर्देश

मंगलवार देर शाम गुजरात पुलिस के अधिकारियों को चंद्रशेखर आजाद नगर पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया और रात में ही गुजरात पुलिस की शिकायत पर अज्ञात लोगो के खिलाफ कट्ठीवाड़ा थाने में एफआईआर दर्ज की गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक ने भी दल बल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि गुजरात पुलिस के अधिकारी सिविल ड्रेस में आरोपी की तलाश में गए थे, उन पर हमला करने वाले आरोपी कट्ठीवाड़ा के नानी बड़ोई गांव के बताए जा रहे है, पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी जुटा रही है।

उन्होंने आरोपियों के जल्द गिरफ्तार होने की बात भी कही। ग़ौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है जब किसी अन्य राज्य की पुलिस पर जानलेवा हमले का प्रयास किया गया हो, कुछ दिनों पूर्व गोवा पुलिस के अधिकारियों पर भी जिले के बोरी थाना क्षेत्र में इस तरह का हमला हो चुका है। बहरहाल दिनदहाड़े पुलिस थाने के महज़ कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना से क़ानून व्यवस्था पर सवाल ज़रूर खड़े हो रहे है।

ये भी पढ़ें

होली से पहले ’36 लाख’ मजदूरों की जेब खाली… कब मिलेगी मजदूरी !

Updated on:
05 Mar 2026 12:43 pm
Published on:
05 Mar 2026 12:31 pm
Also Read
View All

अगली खबर