जोबट उपचुनाव में भाजपा ने कांग्रेस से छीन ली सीट, महेश पटेल को 6 हजार से अधिक मतों से हराया...।
आलीराजपुर। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए सुलोचना रावत ने जोबट से चुनाव जीत लिया है। भाजपा की सुलोचना रावत ने कांग्रेस के महेश पटेल को 6 हजार से अधिक मतों से हरा दिया है। महेश पटेल को 62627 और सुलोचना रावत को 68752 वोट मिले। 6080 मतों से सुलोचना रावत चुनाव जीत गई हैं। गौरतलब है कि इससे पहले यह सीट कांग्रेस के कब्जे में थी और कलावती भूरिया कांग्रेस की विधायक थीं। कोरोना से उनके निधन के बाद से यह सीट खाली थी और इसी लिए यहां उपचुनाव हो रहे हैं।
11 बार कांग्रेस के पास रही इस सीट पर दो बार भाजपा काबिज हो पाई है। अलीराजपुर के शासकीय कालेज में मंगलवार सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई थी।
आदिवासी बहुल है यह सीट
जोबट विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 2,75,000 है जिनमें पुरुष 1,37,638 और महिला 1,37,567 हैं। वही जातिगत समीकरण की बात करें तो जोबट विधानसभा में 97 फीसदी आदिवासी हैं। भील, भिलाला और पटलिया इस इलाके की प्रमुख जातियां हैं। इस विधानसभा में वोटर्स में 40 फीसदी भील, 5 फीसदी पटलिया हैं वही भिलाल समाज के 55 फीसदी मतदाता हैं। कांग्रेस और बीजेपी दोनों पार्टियों के प्रत्याशी अनुसूचित जनजाति के भिलाला समाज से हैं।