https://www.patrika.com/rajasthan-news/
मालाखेड़ा। अलवर में भरने वाले जगन्नाथ मेले में रोजी-रोटी कमाने आ रहे एक परिवार को गुरुवार रात मालाखेड़ा कस्बे के कलसाड़ा बाइपास पर प्राइवेट बस ने कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी और पुत्र की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों को मालाखेड़ा अस्पताल में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए। वहीं, घायलों का अलवर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मालाखेडा थानाधिकारी महेश तिवाड़ी ने बताया कि गुरुवार को मालाखेड़ा में आयोजित जगन्नाथ मेले में भरतपुर के हलैना निवासी मिलन सिंह व उसके साथियों ने झूले आदि लगाए। मेला समाप्त होने पर 11 बजे मिलनसिंह अपनी मोटरसाइकिल में लगी ट्रॉली में पत्नी चांदनी, पुत्र परसराम, भाई गजराज व उसकी पत्नी संजना तथा सूरज को बैठा अलवर में भरने वाले जगन्नाथ मेले में रोजी-रोटी कमाने के लिए रवाना हुआ।
उसने बाइक में लगी ट्राली की पीछे झूले को बांध रखा था। जिसे कलसाड़ा बाइपास पर पीछे से आई एक प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। हादसे में भरतपुर जिले के हलैना निवासी मिलन सिंह नट (32) पुत्र मोहब्बत सिंह, चांदनी (28) पत्नी मिलन सिंह व परसराम (2) पुत्र मिलन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गजराज नट (26) पुत्र मोहब्बत ङ्क्षसह, संजना (23) पत्नी गजराज व सूरज (27) पुत्र मामचंद नट गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव मालाखेड़ा अस्पताल में रखवाए तथा घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से अलवर निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गम्भीर बनी हुई है। घटनास्थल पर चालक बस को छोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।