अलवर

अलवर में 4 हजार हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलना तय, प्रशासन को मिली अनुमति

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Aug 02, 2018
4 Thousand trees will cut in khairthal alwar
अलवर में 4 हजार हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलना तय, प्रशासन को मिली अनुमति

अलवर. खैरथल में जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप स्थित डीम्ड वन क्षेत्र में चार हजार से ज्यादा हरे पेड़ों पर आरी चलती दिखाई देगी। नगर पालिका की जमीन पर वन विभाग ने यहां डीम्ड वन क्षेत्र विकसित कर 4196 पौधे लगाए थे।
खैरथल में जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप स्थित नगर पालिका की जमीन पर विद्युत निगम के जीएसएस का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए डीम्ड वन क्षेत्र की 2.83 भूमि से हरे पेड़ों की कटाई जरूरी है। नगर पालिका की ओर वन विभाग को क्षतिपूर्ति राशि के रूप में 11 लाख 63 हजार 850 रुपए का भुगतान किया जा चुका है। राशि मिलने के बाद वन विभाग ने नगर पालिका को हरे पेड़ काटने के लिए एनओसी जारी कर दी है।

पालिका प्रशासन काटेगा पेड़

विद्युत निगम के जीएसएस निर्माण के लिए नगर पालिका प्रशासन की ओर से जल्द ही 2.83 हैक्टेयर क्षेत्र में उगे हरे पेड़ों को कटवाया जाएगा। हालांकि वन विभाग का कहना है कि हरे पेड़ काटने की एवज में पालिका प्रशासन की ओर से नए पेड़ लगाए जाएंगे, लेकिन अभी तक इतनी बड़ी संख्या में नए पेड़ लगाने की योजना तैयार नही हो सकी है।

अवैध खनन का खतरा मंडराया

डीम्ड वन क्षेत्र के समीप स्थित पहाड़ी पर पूर्व में बड़े पैमाने पर अवैध खनन कर क्रशर का संचालन किया जाता था। यहां वन विभाग एवं राजस्व विभाग का पहाड़ी क्षेत्र है। अवैध खनन की समस्या के निराकरण के लिए पूर्व में यहां वन विभाग ने बड़ी दीवार बनाकर बड़ी संख्या में पेड़ लगाए थे। इनमें से ज्यादातर पेड़ अब बड़े हो चुके हैं।

एनओसी जारी की

खैरथल में विद्युत निगम के जीएसएस के लिए हरे पेड़ काटने की एनओसी नगर पालिका को दी जा चुकी है। वह जमीन नगर पालिका की है, लेकिन वहां वन विभाग ने डीम्ड वन विकसित किया था। पालिका को एनओसी नियमानुसार दी गई है।
आलोक गुप्ता, डीएफओ, वन मंडल अलवर

Published on:
02 Aug 2018 03:32 pm