अलवर

थाने लाए गए बाइक चोर का ‘चालान’ काटकर छोड़ा, अब CCTV देख उड़े होश

अलवर पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अखैपुरा थाने में एक ऐसा मामला सामने आया है जहाँ पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर को पकड़ा तो सही, लेकिन उसकी पहचान सत्यापित करने के बजाय महज चालान काटकर उसे ससम्मान घर भेज दिया। बाद में जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई।

2 min read
Apr 08, 2026
representative picture (AI)

अलवर शहर में पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। हैरान कर देने वाला यह मामला अखैपुरा थाने का है। यहां बाइक चोरी के दो आरोपी युवकों को पुलिस ने रोका, तो इनमें से एक युवक चोरी की बाइक लेकर फरार हो गया। दूसरी बाइक पर सवार उसके साथी को पुलिस थाने ले गई, लेकिन आरोपी इतना शातिर था कि पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद उसने जुर्माना भरा और बिना पहचान सत्यापन के आराम से बाहर निकल गया। बाद में सीसीटीवी फुटेज से यह खुलासा हुआ कि उक्त युवक बाइक चोरी की वारदात में शामिल था, लेकिन तब तक वह पुलिस को चकमा देकर गायब हो चुका था।

क्या है पूरा मामला ?

गत 17 मार्च को अखैपुरा मोहल्ला िस्थत एक मकान का ताला तोड़कर चोर कमरे में खड़ी बाइक चोरी कर ले गए थे। अगले दिन सुबह पीडि़त परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। खुद के स्तर पर मकान से करीब 100 मीटर दूर िस्थत एक अन्य मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले, तो उसमें रात करीब 2 बजे दो युवक एक बाइक पर सवार होकर आते दिखाई दिए। कुछ देर बाद यही युवक बाइक चोरी कर अलग-अलग बाइक से लौटते दिखाई दिए। शहर में लगे अन्य सीसीटीवी के फुटेज देखने पर पता चला कि ये युवक एसएमडी सर्किल, मोती डूंगरी, नयाबास और घोड़ाफेर सर्किल होते हुए अखैपुरा मोहल्ले में प्रवेश करते हैं। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देकर बाला किला की तरफ निकल जाते हैं।

थाने में गलत पहचान बताकर पुलिस को दिया गच्चा

सीसीटीवी कैमरे में आरोपी युवक रात करीब ढाई बजे प्रतापबंध से वापस शहर की तरफ लौटते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने युवकों को रोका, तो एक युवक चोरी की बाइक लेकर तेजी से निकल गया। जबकि दूसरी बाइक पर सवार उसके साथी को पुलिस थाने ले आई। आरोपी युवक ने थाने में पुलिसकर्मियों को अपना नाम और पता बताया। पुलिस ने उस पर भरोसा कर बाइक की आरसी लेकर उसे छोड़ दिया। अगले दिन युवक वापस थाने आया और जुर्माना भरकर बाइक और अपनी आरसी लेकर चला गया।

न आधार कार्ड देखा, न अन्य कोई दस्तावेज

बाइक की आरसी किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से थी। इसके बाद भी जुर्माना लेकर बाइक छोड़ते समय पुलिस ने युवक के आधार कार्ड या अन्य किसी वैद्य दस्तावेज की जांच नहीं की। इससे युवक थाने में ही आसानी से पुलिस को चकमा देकर बाइक सहित निकल गया। बाद में सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस युवक के बताए पते पर पहुंची, तो वहां उस नाम का कोई युवक नहीं मिला। आरसी के आधार पर पहचान की तो, बाइक मालिक बेलाका निवासी एक अन्य व्यक्ति निकला। पुलिस उसके घर पहुंची, तो उसने बताया कि कोई व्यक्ति उसकी बाइक लेकर गया था। हालांकि पुलिस उक्त बाइक को जब्त कर थाने तो ले आई, लेकिन अभी तक चोरी करने वाले युवकों और चोरी की बाइक का पता नहीं लगा सकी है।

Updated on:
08 Apr 2026 11:24 am
Published on:
08 Apr 2026 11:22 am
Also Read
View All