अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खरखड़ा में बीती देर रात आपसी कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खरखड़ा में बीती देर रात आपसी कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए इस झगड़े में एक ही पक्ष के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत राजगढ़ राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार विवाद की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित पक्ष का एक युवक पास के गांव पलवा से क्रिकेट मैच खेलकर वापस अपने घर लौट रहा था। रास्ते में घात लगाकर बैठे कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जब युवक को बचाने परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, तो हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खरखड़ा निवासी राजेश, नीरज, सम्पतराम, विशम्भर, लेखराम, मग्नि और नरेश मीणा घायल हुए हैं। घटना के संबंध में पीड़ित कमलेश कुमार मीणा ने राजगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट में 34 लोगों को नामजद करते हमले का आरोप लगाया गया है। राजगढ़ पुलिस ने पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।