अलवर

भवानी तोप सर्किल पर सब्जी की दुकान में लगी आग, पूरा सामान जलकर राख

अलवर शहर में सोमवार तड़के आग लगने की घटना सामने आई है। शहर के व्यस्ततम भवानी तोप सर्किल स्थित एक फल-सब्जी और जूस की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई।
2 min read
Mar 30, 2026
Feature image

अलवर शहर में सोमवार तड़के आग लगने की घटना सामने आई है। शहर के व्यस्ततम भवानी तोप सर्किल स्थित एक फल-सब्जी और जूस की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस अग्निकांड में दुकानदार का सारा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटनास्थल से मात्र 200 से 300 मीटर की दूरी पर ही मुख्य अग्निशमन केंद्र स्थित है, लेकिन इसके बावजूद आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका और दुकानदार को लाखों का नुकसान झेलना पड़ा।

पीड़ित दुकानदार के अनुसार वह रविवार रात करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। सोमवार अलसुबह करीब 4:30 बजे दुकान के भीतर शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। पड़ोस में रहने वाले दुर्गेश ने जब दुकान से आग की लपटें और धुआं निकलते देखा, तो तुरंत मोहनलाल को फोन पर इसकी सूचना दी। जब तक मोहनलाल और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, आग पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

लाखों का सामान जलकर हुआ स्वाहा

आग इतनी भीषण थी कि दुकान के अंदर रखा कीमती सामान कुछ ही मिनटों में राख के ढेर में तब्दील हो गया। पीड़ित के अनुसार, दुकान में रखे दो डी-फ्रिज, जूस निकालने की तीन मशीनें, और फल-सब्जियों का स्टॉक पूरी तरह नष्ट हो गया है। जूस बनाने के अन्य उपकरण और बिजली की फिटिंग भी जल गई है। मोहनलाल सैनी के लिए यह दुकान ही परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र जरिया थी, जो अब पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है।

अग्निशमन केंद्र की नजदीकी भी नहीं आई काम

जहां यह हादसा हुआ, वहां से महज 200 मीटर की दूरी पर अग्निशमन केंद्र का मुख्य कार्यालय है। वहां चौबीसों घंटे 3 से 4 दमकल गाड़ियां तैनात रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सूचना के तुरंत बाद सक्रियता दिखाई जाती, तो शायद फ्रिज और मशीनों जैसे महंगे उपकरणों को जलने से बचाया जा सकता था। समय पर मदद न मिलने और आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दुकानदार को आर्थिक झटका लगा है।


परिवार पर छाया आर्थिक संकट

पूरी दुकान जल जाने से मोहनलाल सैनी और उनके परिवार के लोग बेहद दु:खी हैं। लाखों रुपए के नुकसान के कारण परिवार के सामने भविष्य का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से उचित मुआवजे और मदद की गुहार लगाई है ताकि वह दोबारा अपना काम शुरू कर सके। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।

Updated on:
30 Mar 2026 01:21 pm
Published on:
30 Mar 2026 01:21 pm