राजगढ़. कस्बे के अलवर मार्ग स्थित एक रसोई गैस एजेंसी के बाहर रविवार को हंगामा हो गया। सिलेंडर के लिए तड़के 5 बजे से इस गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी हुई। सुबह 10 बजे गैस एजेंसी के स्टाफ ने कहा कि आज गाड़ी नहीं आएगी। इससे गुस्साए लोग सड़क पर उतरे […]
राजगढ़. कस्बे के अलवर मार्ग स्थित एक रसोई गैस एजेंसी के बाहर रविवार को हंगामा हो गया। सिलेंडर के लिए तड़के 5 बजे से इस गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी हुई। सुबह 10 बजे गैस एजेंसी के स्टाफ ने कहा कि आज गाड़ी नहीं आएगी। इससे गुस्साए लोग सड़क पर उतरे और नारेबाजी शुरू कर दी। लोगाें ने गैस एजेंसी के सामने सड़क पर खाली सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया। आधा घंटे बाद पुलिस ने की समझाइश कर जाम खुलवाया। दोपहर 12 बजे से गैस सिलेंडर वितरित किए गए। हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं ने बताया कि हम सुबह से यहां खडे़ हैं। नोटिस बोर्ड पर भी कोई सूचना चस्पा नहीं की। जाम के दौरान आक्रोशित लोगों ने बाइक सवारों को भी नहीं निकलने दिया। जिस पर कई बार विवाद भी हुआ। सूचना मिलते ही रसद विभाग के प्रवर्तन निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा व एसआइ दौलत सिंह मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने उपभोक्ताओं से वार्ता कर आश्वासन दिया कि गाड़ी आ रही है, सभी को सिलेंडर दिए जाएंगे। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
उपभोक्ता बैनी प्रसाद शर्मा व भीखाराम सैनी का कहना था कि वे गैस सिलेंडर के लिए तड़के 5 बजे से सबसे पहले ही यहां आ गए थे। नीरज महावर ने बताया कि दो-दो बार लाइन में खड़े होना पड़ता है। इसी प्रकार निर्मला शर्मा ने बताया कि घर में एक सिलेंडर था, वो खत्म हो गया। बुकिंग कराई, तो आज सिलेंडर देने की बात कही। मैं सुबह यहां पहुंची, तो गैस एजेंसी बंद मिली। प्रवर्तन निरीक्षक अशोक शर्मा ने बताया कि रविवार को 220 गैस सिलेंडर वितरित किए गए हैं।---
रामगढ़ व कठूमर में कांग्रेस का प्रदर्शनरामगढ़, कठूमर.
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, सप्लाई में देरी और बुकिंग से जुड़ी परेशानियों को लेकर रामगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। एसडीएम कार्यालय के बाहर नारे लगाए। कांग्रेस नेता आर्यन खान के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत, पीसीसी सदस्य अजीत यादव सहित रामगढ़, बड़ौदामेव और गोविंदगढ़ ब्लॉक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि के विरोध में कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध जता रही है। यह प्रदर्शन राहुल गांधी के आह्वान पर प्रदेश और जिला स्तर पर किए जा रहे हैं। आर्यन खान ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर आम लोगों पर पड़ रहा है। महिलाओं की रसोई का बजट भी प्रभावित हुआ है। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों के हितों की अनदेखी कर रही है और अपने वादों को पूरा नहीं कर पा रही। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष बबली पंडित, उप प्रधान अतर सैनी, उप सरपंच गुरविंदर सिंह, पंचायत समिति सदस्य त्यागी बाबा, कुलदीप मीणा, पूर्व जिला पार्षद रितुराज चौहान, अनिल जैन, शौकत खान, अमित भारद्वाज, दयाकिशन सैनी, रामू मेघवाल, हरजीत सिंह, कमलचंद और महेंद्र कृष्णन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी प्रकार कठूमर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने खाली सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया। तहसीलदार भानुप्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की। खेरली कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष हरिकिशन मैनेजर व प्रकाश चौधरी ने कहा कि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शादी-समारोह के लिए समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे। महिलाओं को परेशानी हो रही है। कई घरों में खाना नहीं बन पा रहा। इस दौरान गोपालसिंह नरूका, पीसीसी सदस्य जयप्रकाश दीक्षित, शहर अध्यक्ष अजय जाटव, सोमेश्वर चौधरी, धर्मपाल यादव, रामोतार जाटव, संतोष सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।