अलवर

आरटीओ कार्यालय में बड़ा भ्रष्टाचार, सूचना सहायक, गार्ड और दो दलालों को दबोचा

अलवर आरटीओ कार्यालय में जबरदस्त भ्रष्टाचार चल रहा है। सोमवार को एसीबी की टीम ने यहां कार्रवाई करते हुए सूचना सहायक को 1500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया तथा मौके से भागे आरटीओ के गार्ड और दो दलालों को दबोचते हुए उनके कब्जे से 3.17 लाख रुपए बरामद किए।

2 min read
Sep 27, 2021

अलवर। अलवर आरटीओ कार्यालय में जबरदस्त भ्रष्टाचार चल रहा है। सोमवार को एसीबी की टीम ने यहां कार्रवाई करते हुए सूचना सहायक को 1500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया तथा मौके से भागे आरटीओ के गार्ड और दो दलालों को दबोचते हुए उनके कब्जे से 3.17 लाख रुपए बरामद किए। विशेष बात यह है कि एसीबी को रिश्वत के आरोपी सूचना सहायक के बैंक खाते में 21.42 लाख रुपए और घर की तलाशी में 3.03 लाख रुपए मिले हैं। जिनके बारे में भी पूछताछ की जा रही है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अलवर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह ने बताया कि परिवादी ड्राइवर आजाद कुमार ने 15 सितम्बर को अलवर एसीबी चौकी में लिखित शिकायत दी कि अलवर आरटीओ कार्यालय से उसके ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण होना है। जिसकी एवज में आरटीओ कार्यालय में लाइसेंस नवीनीकरण शाखा में कार्यरत सूचना सहायक तरुणेश कुमार वर्मा 1500 रुपए की रिश्वत मांग रहा है। इस पर एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जो कि सही पाई गई।

इसके बाद एसीबी ने ट्रैप का जाल बिछाया। आरोपी सूचना सहायक ने परिवादी को सोमवार शाम को रिश्वत राशि लेकर अपने कार्यालय में बुलाया। परिवादी ने जैसे ही उसे रिश्वत दी। एसीबी टीम ने तुरंत वहां दबिश देकर सूचना सहायक तरुणेश कुमार वर्मा (37) पुत्र कमलाकर वर्मा निवासी मरेठियाबास-अलवर को रिश्वत राशि सहित दबोच लिया। एसीबी टीम को देख सूचना सहायक तरुणेश कुमार के पास बैठे आरटीओ रानी जैन के गार्ड हरीशचंद निवासी अकबरपुर तथा दलाल बनवारी और श्यामलाल गुप्ता वहां रखी 3 लाख 17 हजार 680 रुपए की राशि लेकर भागे। जिन्हें एसीबी टीम ने पीछा कर दबोचा और उनके कब्जे से उक्त राशि बरामद कर ली। कार्रवाई में एएसपी विजय सिंह और निरीक्षक प्रेमचंद शामिल रहे।

घर की तलाशी में लाखों रुपए मिले
आरटीओ कार्यालय में ट्रैप की कार्रवाई के तुरंत बाद एसीबी की दूसरी टीम डीएसपी महेन्द्र मीणा के नेतृत्व में रिश्वत के आरोपी सूचना सहायक तरुणेश कुमार के मरेठियाबास स्थित घर दबिश दी। आरोपी के घर से एसीबी को 3 लाख 3 हजार रुपए नकद मिले। एसीबी टीम ने आरोपी की बैंक खातों आदि की जानकारी ली। जिसमें उसके बैंक खाते की पासबुक में 21 लाख 42 हजार 517 रुपए की एंट्री मिली। जिनमें अंतिम विड्रॉल 20 अगस्त का है।

Published on:
27 Sept 2021 09:53 pm
Also Read
View All