अलवर

अलवर में एसीबी ने एसडीएम के घरों पर मारा छापा, कार्रवाई के दौरान मिला कुछ ऐसा जिसे सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे

अलवर के बहरोड़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने उपखंड अधिकारी के घर छापा मारा, कार्रवाई के दौरान मिला कुछ ऐसा।

2 min read
Jan 20, 2018

आय से अधिक संपत्ति के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बहरोड़ के उपखंड अधिकारी सुरेश यादव के बहरोड़, जयपुर सहित तीन घरों पर छापे मारे। एसीबी की टीम को कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपए की संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं। वर्ष 2013 में एसडीएम के खिलाफ उसके घर के आसपास रहने वाले लोगों ने शिकायत दी थी। उसके बाद से एसीबी की टीम मामले की जांच में लगी थी। एसीबी के मुख्यालय की तरफ से लगातार एसडीएम पर नजर रखी जा रही थी।

एसीबी के महानिरीक्षक वीके सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सरकारी निवास स्थान से तलाशी में डेढ़ लाख रुपए, एक महंगी कार, बैंक खाते में 9 लाख रुपए, नीमराणा में पत्नी के नाम एक प्लाट, तिजारा में प्लॉट के कागजात व जयपुर निवास स्थान से एक कार, फर्जी दस्तावेजों से जयपुर में पार्क की जमीन पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर मकान बनाने के कागजात, आय से अधिक संपत्ति मिली है।

पड़ोसियों की शिकायत बनी आधार

सन 2013 में एसडीएम सुरेश यादव के खिलाफ मोहल्ले वासियों ने फर्जी दस्तावेजों से प्रॉपर्टी बनाने की शिकायत की थी। जिसके बाद एसीबी विभाग की शिकायत पर हाई कोर्ट में मामला चला। एसडीएम यादव का जयपुर में निवास स्थान प्लॉट नंबर 219 डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद नगर अजमेर रोड़ मानसरोवर के समीप स्थित है। महानिरीक्षक सिंह ने बताया कि एसडीएम परिवार व रिश्तेदारों के नाम सम्पत्ति व उनके खातों में पैसे जमा करता था। अब एसडीएम के बैंक खाते, रिश्तेदारों के बैंक खाते, लैपटाप, फोन व अन्य दस्तावेज चेक किए जाएंगे।

खुद के फंसने की भविष्यवाणी का दस्तावेज भी मिला

एसीबी की टीम को राजेन्द्र प्रसाद नगर स्थित निवास पर यादव की जन्मपत्री भी मिली। उसे पढक़र एसीबी अधिकारी भी चौंक गए। उसमें लिखा था, ‘आपको कभी भी विवादित संपत्ति से संबंध नहीं रखना चाहिए अन्यथा अनावश्यक परेशानियों एवं समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।’ यह भी लिखा था, ‘धन संग्रह के प्रति रुचि रहेगी, धनार्जन में नैतिक सीमा का अनुपालन कम ही करेंगे।’

देर शाम तक चली कार्रवाई

बहरोड़ उप जिला कलक्टर सुरेश यादव के निवास पर सुबह करीब ११ बजे एसीबी के जयपुर व अलवर से आए दल ने संयुक्त रूप से जांच कार्रवाई शुरू की। दो गाडिय़ों में सवार होकर दल के अधिकारी आए और उप जिला कलक्टर को सूचना देकर घर पर बुलाया गया। इसके बाद देर शाम तक कार्रवाई चलती रही। उप जिला कलक्टर यादव का एक एसीबी अधिकारी से चल रहे विवाद को लेकर क्षेत्र मे चर्चा रही। यादव पूर्व में भी बहरोड़ में नायब तहसीलदार, उप पंजीयक व अब उप जिला कलक्टर के पद पर रह चुके हैं।

Published on:
20 Jan 2018 09:31 am
Also Read
View All