अलवर

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने ली अधिकारियों की बैठक, बजट पूर्व सुझावों पर चर्चा

जिला प्रभारी एवं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने सोमवार को अलवर स्थित मिनी सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।

less than 1 minute read
Jan 12, 2026

जिला प्रभारी एवं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने सोमवार को अलवर स्थित मिनी सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में गति लाने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक के उपरांत डॉ. मीणा ने विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व चर्चा की। इस दौरान शिक्षा, कृषि, सड़क, स्वास्थ्य एवं रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव रखे गए, जिन पर मंत्री ने गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।

इसी क्रम में सड़क सुरक्षा माह के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का मंत्री ने फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की सराहना की और आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

मंत्री ने महिलाओं की ओर से तैयार हस्तनिर्मित फूड प्रोडक्ट्स का भी अवलोकन किया और उनकी जानकारी ली। उन्होंने महिला स्वावलंबन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Published on:
12 Jan 2026 01:43 pm
Also Read
View All

अगली खबर