राजगढ़ कस्बे के माचाड़ी मार्ग स्थित भौरंगी धाम गौशाला में गुरुवार को सातवां सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ।
राजगढ़ कस्बे के माचाड़ी मार्ग स्थित भौरंगी धाम गौशाला में गुरुवार को सातवां सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम में 13 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय बंधन में बंधे।
सामूहिक विवाह की शुरुआत मेला का चौराहा स्थित सैनी धर्मशाला से दूल्हों की भव्य वर शोभायात्रा के साथ हुई। बैण्ड-बाजों की मधुर धुन पर निकली बारात मुख्य मार्गों से होती हुई गौशाला परिसर पहुंची, जहां बारात का स्वागत कर सामूहिक तोरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। समारोह स्थल पर सजे भव्य पंडाल में परिजनों और अतिथियों की मौजूदगी में दोपहर को पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 13 जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार कराया।
आयोजकों की ओर से प्रत्येक नवदंपती को सोने का कांटा, चांदी की पायजेब, मंगलसूत्र, अंगूठी, चुटकी सहित घरेलू उपयोग का सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और विवाह जैसी पवित्र परंपरा को सरल एवं सुलभ बनाना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।