अलवर

अलवर में बदमाशों का खौफ: युवक पर रॉड से जानलेवा हमला; सिर फोड़ा, घटना CCTV में कैद 

अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए हथियारबंद बदमाशों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला करने और सनसनीखेज तरीके से हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है।

2 min read
Apr 17, 2026
सीसीटीवी फुटेज

अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए हथियारबंद बदमाशों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला करने और सनसनीखेज तरीके से हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना 13 अप्रैल की रात की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब वायरल हो रहा है। हमले में इंदिरा कॉलोनी निवासी खुशाल सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं और टांके लगे हैं।

विवाद की शुरुआत: मोबाइल छीनने का आरोप

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत 11 अप्रैल की रात से बताई जा रही है। पीड़ित खुशाल सैनी अपने दोस्तों के साथ इंदिरा कॉलोनी स्थित खंडेलवाल जनरल स्टोर के पास बैठा था। तभी दो युवक वहां आए और खुशाल व उसके दोस्तों पर मोबाइल छीनने का आरोप लगाने लगे। उस समय मामला शांत हो गया था।

13 अप्रैल की रात: हथियारों के साथ आए हमलावर

आरोप है कि 13 अप्रैल की रात को रानु पंडित नाम का युवक अपने कई साथियों के साथ बाइकों पर सवार होकर मौके पर पहुंचा। सभी हमलावर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और हथियारों से लैस थे। वे वहां मौजूद नितिन नाम के एक युवक को तलाश रहे थे। नितिन ने जब बदमाशों को हथियारों के साथ देखा तो वह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।

घेरकर किया हमला, दहशत फैलाने के लिए फायरिंग

नितिन के भागने के बाद बदमाशों ने वहां मौजूद खुशाल सैनी को घेर लिया। इससे पहले कि खुशाल कुछ समझ पाता, बदमाशों ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर वार लगते ही खुशाल लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। खुद को घिरता देख आरोपी वहां से भागने लगे, लेकिन भागते-भागते उन्होंने हवा में फायरिंग की ताकि कोई उनका पीछा न कर सके। जाते-जाते उन्होंने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

भय के साये में पीड़ित, अब दर्ज कराया मामला

इस खौफनाक मंजर के बाद पीड़ित परिवार इतना सहम गया था कि वे तुरंत पुलिस स्टेशन जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। बदमाशों की धमकी का असर ऐसा था कि वे घर में दुबके रहे। अब हिम्मत जुटाकर पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाने में रानु पंडित और उसके साथियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई गुंडागर्दी

पूरी वारदात पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आधा दर्जन से ज्यादा युवक हाथों में लाठी-डंडे और हथियार लेकर एक गली में दौड़ रहे हैं। एक युवक जान बचाकर भाग रहा है और बदमाश उसके पीछे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Published on:
17 Apr 2026 02:53 pm
Also Read
View All