
चोरी किए गए वाहन जब्त
Alwar Crime: अलवर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वैशाली नगर थाना पुलिस और डीएसटी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 चोरी के वाहन, मास्टर चाबी और वाहन नंबर बदलने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों से मिले इनपुट्स के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
इस पूरे मामले की शुरुआत वैशाली नगर थाना क्षेत्र के जनता कॉलोनी निवासी यू महादेवन की एक शिकायत से हुई थी। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अप्रेल की रात दुराई राज मिशन स्कूल के पास से उनकी मारुति ईको कार चोरी हो गई है। पुलिस जब इस ईको कार की तलाश में जुटी, तो कड़ियां जुड़ती गईं और पूरा गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पकड़े गए आरोपियों में से एक राजेश (25 वर्ष) राजगढ़ के ओडपुर का रहने वाला है, जो हाल में उद्योग नगर थाना इलाके के ढाडोली में रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपी मनीष कुमार (20 वर्ष) वैशाली नगर के बेलाका का रहने वाला है। इनमें से एक आरोपी फाइनेंस रिकवरीकर्मी का काम करता है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (IPS) ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह गिरोह सिर्फ गाड़ियां चुराता ही नहीं था, बल्कि उन्हें पूरी तरह बदल देता था। ये लोग मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर पलक झपकते ही गाड़ी उड़ा लेते थे।
इसके बाद इनके पास मौजूद लोहे की विशेष 'डाई सेट' और ग्राइंडर की मदद से गाड़ियों की नंबर प्लेट, उनके ओरिजिनल इंजन नंबर और चेसिस नंबर को ही बदल डालते थे। नंबर बदलने के बाद ये लैपटॉप के जरिए गाड़ियों के फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करते थे, ताकि किसी को भी शक न हो और वे इन्हें आसानी से बाजार में बेच सकें।
पुलिस ने जब इनके ठिकानों पर छापेमारी की तो बरामदगी देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। पुलिस ने इनके पास से चोरी की हुई 10 मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें केटीएम (KTM) और आर वन-15 (R15) जैसी महंगी पावर बाइक्स के साथ-साथ 8 हीरो की मोटरसाइकिल शामिल हैं।
इसके अलावा एक बोलेरो कार, एक टेंपो और जनता कॉलोनी से चोरी हुई मारुति ईको कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, फर्जी नंबर प्लेट, हथौड़ी, ग्राइंडर सेट, मास्टर चाबी और चेसिस नंबर बदलने वाला डाई सेट भी जब्त किया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे अन्य कई वारदातों के खुलने की उम्मीद है।
Published on:
12 Jun 2026 05:59 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
