अलवर जिले में सार्वजनिक परिवहन की बसों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला अखेपुरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां नीमकाथाना से अलवर आ रही एक महिला के बैग से अज्ञात चोर ने सोने-चांदी के गहनों से भरा पर्स पार कर दिया।
अलवर जिले में सार्वजनिक परिवहन की बसों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला अखेपुरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां नीमकाथाना से अलवर आ रही एक महिला के बैग से अज्ञात चोर ने सोने-चांदी के गहनों से भरा पर्स पार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नीमकाथाना निवासी शालू मीणा पत्नी रविंद्र मीणा अपने ससुराल नीमकाथाना से रोडवेज बस में सवार होकर अलवर आ रही थीं। पीड़िता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि यात्रा के दौरान गर्मी अधिक होने के कारण उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से अपने सोने-चांदी के कीमती जेवर एक अलग पर्स में रखे थे। इस पर्स को उन्होंने अपने बड़े बैग के अंदर सावधानी से छुपाया हुआ था।
बस में काफी भीड़ होने के कारण पीड़िता को सफर के दौरान बैग के साथ हुई छेड़छाड़ का भनक तक नहीं लगी। जब बस अलवर शहर में मिलिट्री हॉस्पिटल के पास रुकी और पीड़िता वहां उतरी, तो अपना सामान संभालते समय उन्हें पर्स गायब मिला। बैग की तलाशी लेने पर जब पर्स नहीं मिला, तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद पीड़िता सीधे अखेपुरा थाने पहुंची और आपबीती सुनाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़िता ने बताया कि चोरी हुए पर्स में न केवल कीमती आभूषण थे, बल्कि उनमें उनकी निजी भावनाएं भी जुड़ी थीं। चोरी गए सामानों में सोने की चेन, सोने की अंगूठी, कानों के टॉप्स, सोने का लॉकेट, कमरबंद और चांदी की एक जोड़ी पायजेब शामिल है। इन आभूषणों की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अखेपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले के जांच रही पुलिस टीम की ओर से बस के रूट और उस समय बस में सवार रहे संदिग्ध यात्रियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस बस स्टैंड और रास्ते में पड़ने वाले प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करते समय अपने कीमती सामान और जेवरात के प्रति विशेष सावधानी बरतें।