
अलवर जिले के अजबगढ़ स्थित अमनबाग पैलेस होटल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बिजली विभाग में संविदा पर काम करने वाले लाइनमैन महेंद्र कुमार सैनी (30) की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के समय वह होटल परिसर में ग्रेड पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए जयपुर के नीम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी है।
मंगलवार सुबह मृतक का शव प्रतापगढ़ अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण वहां धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि होटल प्रबंधन मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा दे और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी दी जाए। ग्रामीणों का कहना है कि हादसा होटल परिसर में हुआ है, इसलिए परिवार को उचित मुआवजा देने की जिम्मेदारी होटल प्रबंधन की है। मांगें पूरी होने तक पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात भी कही जा रही है।
मृतक महेंद्र कुमार सैनी मोरडी पिपलाई गांव का रहने वाला था। वह बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। तीनों बच्चे अभी छोटे हैं। महेंद्र चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन अब परिवार के भविष्य को देखते हुए आर्थिक सहायता और नौकरी की मांग कर रहे हैं।
धरने में पहुंचे भाजपा नेता रोहिताश घांघल ने अमनबाग होटल के निर्माण को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल का निर्माण अवैध तरीके से किया गया है और नदी पर भी निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि होटल प्रबंधन को मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देना चाहिए।
मौके पर पहुंचे एसडीएम अरविंद कविया ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि होटल के मैनेजर से भी चर्चा हुई है। प्रबंधन की ओर से प्रतिनिधि आने पर मुआवजे को लेकर बातचीत की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ग्रामीण बातचीत से संतुष्ट नहीं होते हैं तो अमनबाग होटल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल में धरना जारी है।