
अलवर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अलवर के विजय नगर ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने भारत माता के जयकारे लगवाए और अपने जोशीले अंदाज में आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद किया। शाह ने कहा कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करना है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान की जनता भाजपा को मजबूत करने का मन बना चुकी है।
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और विपक्ष के नेता विकास के बजाय आपसी विवाद और झगड़े की राजनीति में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण के कामों को प्राथमिकता दे रही है।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान सरकार की ओर से 6,453 करोड़ के रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। अलवर में करीब 700 करोड़ रुपए की परियोजनाओं सहित प्रदेशभर में विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित प्रदेश सरकार के मंत्री मौजूद रहे।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर अमित शाह ने अलवर मेडिकल कॉलेज का नाम बदलकर अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज करने की घोषणा की। इसे अलवर के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है। इस दौरान गृह मंत्री ने कहा कि मैं अटल जी को इस मंच से पूरे देश की तरफ से और अलवर वासियों की तरफ से हृदय से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
अलवर में करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नए सरस डेयरी प्लांट का ई-शिलान्यास किया गया। इसकी शुरुआती क्षमता प्रतिदिन 3 लाख लीटर दूध प्रोसेस करने की होगी। शाह ने कहा कि आने वाले समय में इसकी क्षमता बढ़ाकर 5 लाख लीटर प्रतिदिन की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पशुपालकों को दूध का भुगतान मौजूदा व्यवस्था की तुलना में जल्द सीधे बैंक खातों में दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 274 करोड़ की लागत से आज अलवर के अलावा सरस डेयरी के और चार प्लांट भीलवाड़ा, जयपुर, पाली और राजसमंद में शुरू हो रहे हैं। जिनसे आने वाले दिनों में दुग्ध उत्पादकों को फायदा मिलेगा।
कार्यक्रम में किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत DBT के जरिए 152 करोड़ रुपए की राशि लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई। वहीं, 10,580 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। फलोदी, बालोतरा, डीडवाना और प्रतापगढ़ में नए जिला सहकारी बैंकों की शुरुआत की गई, जहां किसानों को शून्य ब्याज पर ऋण की सुविधा मिलने की बात कही गई।
शाह ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए गुजरात के मॉडल का उदाहरण देते हुए राजस्थान में भी इसी तरह की पहल को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। शाह ने कहा कि कांग्रेस वाले अभी भी झगड़ा लगाने में ही लगे हैं। राजस्थान की जनता ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को ही चुनना तय किया है। कांग्रेस का सूफड़ा साफ होने वाला है। शाह ने कहा कि सहकारिता मंत्रालय के माध्यम से देश के हर गांव को समृद्ध करने का लक्ष्य मोदी सरकार ने रखा है।