
Weather Update: आज सोमवार (15 जून) की दोपहर को बहरोड़ और आसपास के इलाकों में कुदरत का दोहरा रूप देखने को मिला। दोपहर करीब ढाई बजे अचानक आसमान में धूल का गुबार छा गया और तेज रफ्तार से आंधी चलने लगी। करीब आधे घंटे तक यानी तीन बजे तक चली इस धूल भरी आंधी के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलानी पड़ी।
तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ों की टहनियां टूट गईं और अस्थाई छप्पर उड़ गए। आंधी का यह दौर थमने के बाद आसमान में घने काले बादल छा गए और करीब 15 मिनट तक तेज बारिश का दौर चला। बारिश की बूंदें गिरते ही मौसम सुहावना हो गया और लोगों को पिछले कई दिनों से सता रही उमस और तपन से काफी सुकून मिला।
बहरोड़ के साथ-साथ अलवर जिला मुख्यालय और ग्रामीण आंचल में भी दोपहर बाद बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। दोपहर 3 बजे के बाद तेज अंधड़ आया जिसके कारण धूल से लोग बेहाल हो गए। सडकों पर उड़ाती धूल के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
इस प्री-मानसून गतिविधि से किसानों और आम जनता के चेहरे खिल गए हैं, क्योंकि पिछले कई दिनों से लोग सूरज की तपिश से बेहाल थे। आज हुई इस मौसमी हलचल ने वातावरण में ठंडक घोल दी है, जिससे बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की चहल-पहल बढ़ गई।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, वर्तमान में क्षेत्र में एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव हुआ है, जिसके प्रभाव से अरब सागर से आने वाली नमी के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने पूर्वानुमान जताया है कि आगामी 48 से 72 घंटों के दौरान अलवर, बहरोड़, नीमराना और आसपास के क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चलने, बादलों की गर्जना होने और हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि आंधी-तूफान के समय लोग पक्के मकानों या सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और पेड़ों व बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। आने वाले दो-तीन दिनों तक तापमान में इसी तरह की नरमी बनी रहेगी, जिससे लू (Hit Wave) से पूरी तरह राहत मिलने के आसार हैं।