
महुआ खुर्द टोल प्लाजा (फोटो - पत्रिका)
अलवर जिले के महुआ खुर्द टोल प्लाजा को लेकर इन दिनों स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। टोल प्लाजा के आसपास बसे गांवों के वाहन चालकों का आरोप है कि कम दूरी तय करने के बावजूद उनसे लंबी दूरी के बराबर टोल टैक्स वसूला जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि कोई चालक अलवर से केवल मालाखेड़ा तक जाना चाहता है, तब भी उससे बसवा तक का पूरा टोल शुल्क लिया जाता है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर दायरे में रहने वाले हजारों वाहन चालक रोजाना इस मार्ग से गुजरते हैं। कई लोगों के घर टोल प्लाजा से कुछ ही दूरी पर स्थित हैं, लेकिन कुछ किलोमीटर की यात्रा के लिए भी उन्हें करीब 70 रुपए तक एक तरफ का शुल्क देना पड़ रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि दूरी के हिसाब से यह शुल्क 25 से 30 रुपए होना चाहिए।
ग्रामीणों और नियमित यात्रियों का आरोप है कि इस व्यवस्था से उनके मासिक खर्च में काफी बढ़ोतरी हो रही है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से स्थानीय यात्रियों को राहत देने तथा टोल शुल्क में दूरी के अनुसार संशोधन करने की मांग उठाई है।
टोल कर्मियों का कहना है कि टोल के 12 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के लोगों को केवल 30 प्रतिशत तक की छूट दी जाती है, जबकि 70 प्रतिशत टोल राशि चुकानी पड़ती है। वहीं, दैनिक यात्रा करने वाले वाहन चालकों का कहना है कि कई मामलों में वाहन में लगने वाले ईंधन की लागत से अधिक राशि टोल पर खर्च हो रही है।
उनका आरोप है कि कम दूरी तय करने के बावजूद 150 से 200 प्रतिशत तक अधिक शुल्क देना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
अलवर से मालाखेड़ा जाने पर बसवा तक का टोल लिया जा रहा है। जबकि हम मालाखेड़ा तक ही जा रहे हैं और एक साइड का 70 रुपए टोल लिया है - अनिल सैनी, अलवर
सरकार की पॉलिसी के अनुसार टोल लिया जा रहा है। लोकल लोगों के लिए पास में छूट का प्रावधान है न की फ्री। जिनका सरकार की ओर से टोल फ्री किया गया है, उनसे कोई टोल नहीं लिया जा रहा है - पंकज मोढ़गिल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, रिडकोर, अलवर
Published on:
15 Jun 2026 12:47 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
