Paniala Highway : पनियाला हाईवे का अगले साल भी निर्माण पूरा होने के आसार नहीं है। अगर पनियाला हाईवे का काम पूरा हो जाए तो सिर्फ 45 मिनट अलवर से कोटपूतली का सफर होगा।
Paniala Highway : रामगढ़/अलवर. दिल्ली-मुंबई व जयपुर-दिल्ली हाईवे के अलावा चंडीगढ़ को जोड़ने वाला पनियाला हाईवे का निर्माण कार्य रफ्तार नहीं पकड़ रहा है। करीब 2 साल में 40 फीसदी ही काम पूरा हो पाया है। अभी संबंधित कंपनी शीतल व गुगडोद के बीच गिट्टी डालने का कार्य कर रही है। रविवार को यहां गिनती के ही मजदूर कार्य करते मिले। काम की गति काफी धीमी है।
जानकारों का कहना है कि दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ के रास्ते अभी आसान नहीं हैं। इस हाईवे का निर्माण पूरा होगा, तभी अलवर के वाहन की रफ्तार बढ़ेगी। कोटपूतली पहुंचने में अभी डेढ़ घंटा लगता है, लेकिन इसके बनने से 45 मिनट लगेंगे। पनियाला हाईवे का उद्देश्य दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को जोड़ने के अलावा चंडीगढ़ के मार्ग को जोड़ना है। वर्ष 2023 में इस हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण हुआ। अलवर के 55 गांवों की जमीन भी अधिग्रहित की गई, जिसके लिए करीब 450 करोड़ रुपए मुआवजा तय हुआ।
कंपनी ने वर्ष 2024 में इस हाईवे का निर्माण शुरू किया, जो वर्ष 2026 तक पूरा करना है। जानकार कहते हैं कि अभी 60 फीसदी काम बाकी है। इस कार्य को पूरा होने में 2 साल और लगने की संभावना है। अलवर के वाहनों को गाजूकी व शीतल के जरिए इन मार्गों पर चढ़ने का मौका मिलेगा, जिससे वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी।
इस हाईवे में तीन जिलों के 55 गांवों की जमीन ली गई है, जिसमें कोटपूतली के 2, बानसूर के 15, मुंडावर के 9, किशनगढ़बास के 2, अलवर के 16, रामगढ़ के 9, लक्ष्मणगढ़ के 2 गांव शामिल हैं।
गाजूकी के अलावा शीतल, अलवर-रामगढ़ रोड, लाडपुर के पास, पनियाला मोड़, जुगरावर, खैरथल-मातोर के पास इंटरचेंज होगा। यानी वाहन यहां से चढ़-उतर सकेंगे। गाजूकी के पास जलेबी चौक बनेगा, जिसका आकार करीब 20 हेक्टेयर जितना होगा।
कहां से कहां तक : कोटपूतली के पनियाला मोड़ से अलवर के बड़ौदामेव के बीच।
लंबाई : 86 किमी
चौड़ाई : 6 लेन
व्हीकल अंडरपास : 46
एनिमल अंडरपास : 23
लागत : करीब 1600 करोड़।
पेट्रोल पंप व होटल : घाटला व पेहल गांव के पास होंगे।
ओवरब्रिज : दिल्ली-रेवाड़ी रेलवे लाइन पर उलाहेड़ी व चांदूकी स्टेशन पर।
हाईवे में मिट्टी : 100 लाख टन।
रोड़ी-पत्थर : 35 लाख टन।
पेड़ों की कटाई : करीब 10 हजार।
अधिग्रहित जमीन : 1748 हेक्टेयर।