राज्य सरकार की ओर से लॉकडाउन के अधिकार जिला कलक्टर को देने के बाद चर्चा जोरों पर
अलवर. राज्य सरकार की ओर से कोरोना संक्रमण वाले जिलों में लॉक डाउन का अधिकार जिला कलक्टरों को देने के बाद जिले में लॉकडाउन लगाने की चर्चा जोरों पर है। सोशल मीडिया पर लॉक डाउन लगाने को लेकर कई तरह की चर्चाएं रही। कोरोना संक्रमण बेलगाम होता देख राज्य सरकार ने सोमवार को संभागीय आयुक्त व रेंज आईजी को अलवर की स्थिति का जायजा लेने भेजा। जिला प्रशासन ने भी लॉकडाउन की जरूरत को देखते हुए व्यापारियों, पार्षदों व अन्य लोगों से राय लेना शुरू कर दिया है। ज्यादातर लोगों ने भी संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉक डाउन को जरूरी माना है। संभावना है कि प्रशासन को जल्द ही ज्यादा संक्रमण वाले अंदरूनी अलवर शहर में लॉक डाउन लगाने की घोषणा करनी पड़ सकती है।
अलवर जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। हालत यह है कि जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 3 हजार के पार पहुंच गई है। हर दिन 100 से 300 तक नए कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं। संक्रमण के तेजी से फैलाव के चलते लोगों में चिंता होने लगी है। कोरोना संक्रमण के फैलाव को देखते हुए लोगों का मानना है कि प्रशासन को लॉक डाउन जैसा सख्त निर्णय जल्द करना चाहिए।
उच्च अधिकारियों ने किया संक्रमण की रोकथाम पर मंथन
जिले में सोमवार को पांच बड़े अधिकारी मौजूद रहे। इनमें संभागीय आयुक्त, रेंज आईजी, जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक अलवर व पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी शामिल हैं। इन उच्च अधिकारियों ने दोपहर को अधिकारियों की बैठक में कोरोना संक्रमण की रोकथाम की कार्ययोजना पर चर्चा की। वहीं शाम को मीडिया से कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए चर्चा की। उच्च अधिकारियों ने भी संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉक डाउन जैसे निर्णय पर गहनता से मंथन किया।
अंदरूनी अलवर शहर में संक्रमण ज्यादा
अलवर शहर में हर दिन कोरोना संक्रमण में तेजी आ रही है। संक्रमण का फैलाव फिलहाल अंदरूनी शहर में दिखाई पड़ रहा है। अलवर में पॉजिटिव मामले भी अंदरूनी शहर के इलाकों में ज्यादा आ रह है। यही कारण है कि प्रशासन अंदरूनी शहर (कोतवाली क्षेत्र) में लॉक डाउन जैसे निर्णय पर विचार कर रहा है। इस विचार को लोगों का भी खासा समर्थन मिला है।
अभी कस्बों में बाजार बंद कराने को लेकर भी निर्णय नहीं
जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। संक्रमण फैलने का बड़ा कारण भीड़ में लोगों की मौजूदगी है। अनलॉक होते ही जिले के बाजार खुल गए। इस कारण बाजारों में भीड़ बढ़ गई। बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग की पालना के प्रति भी लोगों में जागरुकता नहीं दिखी। नतीजतन संक्रमण तेजी से बढ़ता गया और जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ। कोरोना संक्रमण की रोकथाम ने पिछले दिनों अलवर शहर के बाजारों में सामूहिक अवकाश के आदेश दिए, जो कि पूरी तरह सफल रहे। अब इस प्रयोग को बड़े कस्बों में भी लागू करने पर तेजी से विचार किया जा रहा है।
लॉक डाउन पर निर्णय विचाराधीन
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए शुरू में अलवर शहर के ज्यादा संक्रमण वाले हिस्से में लॉक डाउन का निर्णय विचाराधीन है। लोगों के स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए जो भी जरूरी होगा, उस पर विचार किया जाएगा।
आनन्दी
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अलवर