अलवर

अलवर में बारिश के बाद घुटनों तक पानी, कलक्टर साहब की गाड़ी भी फंसी

https://www.patrika.com/alwar-news/ Heavy Rain In Alwar
2 min read
Aug 08, 2018
Alwar District Collector's car trapped in on Road after rain in alwar
अलवर में बारिश के बाद घुटनों तक पानी, कलक्टर साहब की गाड़ी भी फंसी

अलवर. अलवर शहर में मंगलवार दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे खुद जिला कलक्टर की गाड़ी ही गंदे नाले के पानी में फंसी रही। काली मोरी पुलिया से ठीक पहले गंदा नाला एक जगह से जाम होने के कारण बारिश के साथ पूरा पानी सडक़ पर आ गया।

आधे से अधिक शहर का पानी इसी नाले से निकलता है जिसके कारण हालात इतने बुरे हो गए कि वाहनों का जाम लग गया। एक तो गंदा पानी पूरी सडक़ पर लबालब रहा। दूसरा जाम लगने से मुश्किल हो गई। जिला कलक्टर की गाड़ी के फंसने के बाद कुछ पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। उन्होंने पानी के बीच में से वाहनों को जैसे-तैसे निकलवाया। उसके बाद कलक्टर पुलिया के ऊपर से निकल पाए।

जिम्मेदार प्रशासन की चुप्पी

जिम्मेदार प्रशासन की चुप्पी बदहाली को बढ़ाती जा रही है। यह सडक़ भी पूरी तरह से बिखरी पड़ी है। कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सीवरेज लाइन भी यहां चॉक होती रहती है। पानी की लाइन आए दिन टूटती है। गड्ढ़े खुद पड़े रहते हैं। इस समय पूरी रोड खत्म है। वाहनों के टायरों से रोडिय़ां दूर तक उछट कर जाती हैं।

बिन बारिश भी यहां बदहाली

बारिश के बाद यहां अक्सर करीब दो से तीन फीट तक पानी आ जाता है। नाले अवरुद्ध होने के कारण पूरा पानी सडक़ के ऊपर से निकलता है। मंगलवार को पूरी सडक़ ही लबालब हो गई। राजर्षि कॉलेज चौराहे के पास पान की एक दुकान के पास नाला ही रुका हुआ था। जहां से तेजी से पानी सडक़ पर आता रहा। जब इस रोड से जिला कलक्टर की गाड़ी निकली तो वाहनों के बीच में फंस गई। जिला कलक्टर भी उस समय गाड़ी के अन्दर ही थे। यह बदहाली शहर में चौतरफा है। बारिश होते ही लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।

मानसून के दौरान सडक़ों पर पानी भरने की समस्या के निराकरण के लिए जल्द ही ड्रेनेज सिस्टम प्लान तैयार कराया जाएगा। वैसे नगर परिषद ने पूर्व में नालों की सफाई कराई है। मंगलवार को बारिश के दौरान सडक़ पर पानी भरा था और ट्रैफिक की समस्या हो रही थी। उनकी गाड़ी भी उसी समय ट्रैफिक में फंस गई थी।
प्रकाश राजपुरोहित, जिला कलक्टर, अलवर

Published on:
08 Aug 2018 08:40 am