अलवर

Alwar: कांग्रेस प्रत्याशी पर केस था ही नहीं, फिर भी कर दिया पर्चा निरस्त – जूली

अलवर नगर निगम चुनाव में वार्ड 58 से कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कुमार का नामांकन पत्र निरस्त होने का मामला तूल पकड़ गया है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दावा किया कि जिस मामले के आधार पर पर्चा निरस्त किया गया, वह हेमंत पर था ही नहीं। कांग्रेस अब कोर्ट से राहत की उम्मीद लगाए बैठी है।
2 min read
Sep 03, 2026
alwar election
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली (फाइल फोटो)

अलवर शहर के वार्ड 58 से कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कुमार का पर्चा निरस्त करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। कांग्रेस का आरोप है कि जिस केस के आधार पर हेमंत कुमार का पर्चा निरस्त किया गया, वो केस उस पर था ही नहीं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि हेमंत का पर्चा निरस्त करने की न तो हमें कोई सूचना दी गई न ही कोई नोटिस। उस पर जो केस बताया गया था, वह वर्ष 2012 का है।

एक आदमी के दो वेरिफिकेशन

पुलिस की ओर से 29 अगस्त, 2026 को जो वेरीफिकेशन सर्टिफिकेट जारी किया गया, उसमें साफ लिखा है कि मामले में वह एसीजेएम कोर्ट से वह दोषमुक्त हो चुका है। इसके बावजूद उनका पर्चा निरस्त कर दिया गया। यही नहीं पुलिस से 2 सितंबर को दोबारा जो वेरीफिकेशन सर्टिफिकेट दिया है, उसके अनुसार हेमंत पर वह केस था ही नहीं। उस पर एक्सीडेंट का केस है, जिसमें 6 महीने की सजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब केस ही नहीं था तो फार्म रिजेक्ट क्यों किया गया?

पुलिस एक आदमी के दो वेरिफिकेशन कैसे कर सकती है। इस संबंध में निर्वाचन आयुक्त को शिकायत की गई। कोर्ट का भी हमने दरवाजा खटखटाया है। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत, वार्ड 58 प्रत्याशी हेमंत कुमार, नरेंद्र शर्मा, अंकित गाेयल सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

मंत्रियों के इशारे पर हुआ काम

जूली ने आरोप लगाया कि इस चुनाव में सीएम व अलवर के दोनों मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। दोनों मंत्रियों के इशारे पर यह काम हुआ है।

भाजपा का सूपड़ा साफ होगा

जूली ने भाजपा के संकल्प पत्र पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया, केवल भ्रष्टाचार किया जा रहा है। अलवर, भिवाड़ी सहित कई जगहों पर सफाई का खर्च कई सौ गुणा बढ़ाया गया है, इससे साफ है कि भ्रष्टाचार के लिए यह सब किया गया है। भाजपा का सूपडा साफ होगा।


भर्तृहरि की कृपा रही तो ही पहुंच पाएंगे

जूली ने कहा कि भर्तृहरि का मेला आ रहा है। सड़क के हाल खराब हैं। भर्तृहरि की कृपा रही तो ही धाम तक पहुंच जाएंगे। उन्होंने तंज कसा कि वन राज्य मंत्री संजय शर्मा को इस सड़क के लिए धरना देना चाहिए। कई जगहों से डिमांड आ रही है कि मंत्री उनके लिए धरना दें तो काम हो जाएगा। बता दें हाल ही में वन मंत्री संजय शर्मा ने सफाई कर्मियों की नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर नगर निगम में धरना दिया था।

Updated on:
03 Sept 2026 12:36 pm
Published on:
03 Sept 2026 12:36 pm