अलवर

अलवर में दिनदहाड़े फ्लैट में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले गए चोर

अलवर शहर की अपनाघर शालीमार आवासीय सोसायटी में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर एक फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और 26 हजार रुपए की नकदी चुरा ले गए। सीसीटीवी में कैप पहने संदिग्ध दिखाई दिए हैं।
2 min read
Aug 29, 2026
alwar flat theft
चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान

अलवर शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला जारी है। अब शहर की अपनाघर शालीमार आवासीय सोसायटी में दिनदहाड़े एक फ्लैट का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। वारदात उस समय हुई, जब फ्लैट में रहने वाला परिवार घर से बाहर गया हुआ था। शाम को लौटने पर फ्लैट का गेट खुला मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़िता सुधि शर्मा के अनुसार कि वह शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे अपने पति नवीन शर्मा के साथ ससुराल गई थीं। शाम करीब 5 बजे जब दोनों वापस लौटे तो फ्लैट का गेट खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। इसके बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई।

नकदी भी चोरी

पीड़िता के अनुसार चोर अलमारी में रखे करीब 72 ग्राम सोने के जेवरात चुरा ले गए। चोरी हुए आभूषणों में चार चूड़ियां, टॉप्स और अन्य सोने के जेवर शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा चोर करीब 25 चांदी के सिक्के, पायल, चेन और अन्य चांदी के आभूषण भी अपने साथ ले गए। घर में रखे 25 हजार रुपए की नकदी भी चोरी हो गई।


घटना की गंभीरता इस बात से भी बढ़ गई कि उसी दोपहर सोसायटी में स्थित एक अन्य फ्लैट के ताले भी टूटे हुए मिले। इससे आशंका है कि चोरों ने सोसायटी के अंदर एक से अधिक जगह वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।

कुछ स्वीपरों पर शक

सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस के लिए अहम सुराग बन सकती है। फुटेज में दोपहर करीब 1:30 बजे कैप पहने कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए हैं। पीड़िता ने सोसायटी में काम करने वाले कुछ स्वीपरों पर शक जताया है और उनमें से एक व्यक्ति की पहचान करने का भी दावा किया है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने तक किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की सूचना मिलने पर अलवर सदर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों और सोसायटी में काम करने वाले कर्मचारियों से भी जानकारी जुटा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस सोसायटी में पहले भी चोरी जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच की मांग की है।

Updated on:
29 Aug 2026 03:51 pm
Published on:
29 Aug 2026 03:51 pm