
अलवर. alwar illigal mining news थानागाजी क्षेत्र के अंगारी गांव में गैर मुमकिन राडा (पहाड़ी) को काट समतल करने के मामले में प्रशासनिक लाचारी से दोषी लोग एवं उनके समर्थकों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम सोशल मीडिया पर प्रशासन को फिर से पहाड़ काटने जैसी घटनाओं की पुनरावृति की खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। इतना ही नहीं चुनौती देने में पुलिसकर्मी, श्रम विभाग में कार्यरत निरीक्षक स्तर के एक कर्मचारी सहित अनेक लोग शामिल है। प्रभावशाली लोगों के चलते प्रशासन इस मामले के दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई से हाथ खींचे हुए है।
थानागाजी क्षेत्र के अंगारी गांव स्थित भैरू की डूंगरी को काटकर समतल करने से सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन का खुला उल्लंघन हुआ। करीब एक महीने में पहाड़ी को काट समतल करने का कार्य निरंतर किया गया, इस दौरान जेसीबी, टै्रक्टर ट्रॉली व अन्य संसाधनों का खुला उपयोग किया गया, इसके बावजूद प्रशासन अब तक पहाड़ी को काटने के दोषी लोगों की पहचान में विफल रहा। जबकि एक महीने से जेसीबी से पहाड़ी की कटाई, ट्रैक्टर ट्रॉली से मलबे की ढुलाई कार्य में लाखों रुपए खर्च किए गए, लेकिन दोषियों की पहचान के नाम पर प्रशासन चुप्पी साधे है।
alwar illigal mining news दोषियों के खिलाफ मामला तक दर्ज नहीं
अंगारी में अवैध तरीके से गैर मुमकिन राडा काटने का मामला उजागर होने के बाद भी प्रशासन अब तक दोषी लोगों की न तो पहचान कर पाया और न ही उनके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करा पाया। जबकि सुप्रीम कोर्ट अपने आदेश में नदी, नाला, पहाड़, राड़ा, तालाब, पोखर आदि प्राकृतिक संसाधनों के वर्ष 1954 के स्वरूप में बदलाव को गंभीर अपराध घोषित कर चुका है।
alwar illigal mining news इसलिए जिले में बढ़ रहा अवैध खनन
पहाड़ी काट समतल करने के जैसे गंभीर मामले में राजस्व व खनन विभाग की चुप्पी का ही नतीजा है कि जिले में अवैध खनन पर रोक नहीं लग पाई है। सरिस्का बाघ परियोजना से सटे थानागाजी क्षेत्र में अनेक पहाड़ी अवैध खनन के चलते दूर से ही कटी नजर आती है। इसके बावजूद वहां अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई नगण्य है।
alwar illigal mining news सोशल मीडिया पर यूं दे रहे प्रशासन को चुनौती
एक पुलिसकर्मी ने लिखा कि भूमि हम आदिववासियों की है, हम इसे कैसा रूप दें, ये हमारी इच्छा है, किसी की जागीर नहीं। सर्व समाज का सम्मेलन वहीं होना चाहिए। एक युवक ने लिखा कि बता दो सर्वजातीय सम्मेलन अंगारी में होगा और डूंगरी पर ही होगा। एक अन्य युवक ने लिखा कि ऐसी खबर छापने वालों के लिए मेडल का इंतजाम करेंगे। श्रम विभाग में एक निरीक्षक ने भी सोशल मीडिया पर पहाड़ काटे जाने का समर्थन किया है।
कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं
थानाधिकारी सज्जन कुमार ने बताया कि हमारे यहां पर अंगारी में पहाड़ काटने के मामले में किसी विभाग की ओर से कोई प्राथमिकी दर्ज नही करवाई गईं है।