अलवर

चींटियों को आटा डालने जा रही महिला को कंटेनर ने कुचला, महिला की हुई मौत 

नारायणपुर कस्बे के अलवर-जयपुर बाईपास पर गुरुवार सुबह सड़क हादसा हो गया। चींटियों को आटा डालने निकली एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कंटेनर ने पीछे से टक्कर मर दी। यह पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

2 min read
Jun 04, 2026
highway accident
घटनास्थल पर जमा भीड़ (फोटो - पत्रिका)

चालक की लापरवाही ने एक बार फिर हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। जयपुर रोड बाईपास पर गुरुवार सुबह करीब 6 बजे एक कंटेनर ने सड़क किनारे जा रही बुजुर्ग महिला को पीछे से टक्कर मार दी। इस टक्कर में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दिल को झकझोर देने वाली यह पूरी वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि टक्कर मारने के बाद चालक कंटेनर लेकर मौके से भाग निकला।

पुण्य कमाने निकली थीं, मिल गई मौत

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 60 वर्षीय मेवा देवी पत्नी स्वर्गीय बलदेव प्रजापत के रूप में हुई है, जो डेहलडी ढाणी की रहने वाली थीं। रोज की तरह मेवा देवी सुबह-सुबह पुण्य कमाने और धार्मिक आस्था के चलते सड़क किनारे चींटियों को आटा डालने के लिए घर से निकली थीं।

वह जैसे ही जयपुर रोड बाईपास से अलवर मार्ग पर बालाजी धर्मकांटा के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आए एक कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि जैसे ही महिला कंटेनर के पास से गुजरती है और तभी कंटेनर आगे बढ़ता हुआ महिला को कुचल देता है और आगे बढ़ जाता है। इस हादसे में महिला की दर्दनाक मौत हो जाती है।

मौके पर जुटी भारी भीड़

सुबह-सुबह हुए इस भीषण हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पाकर नारायणपुर थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान हालत में महिला के शव को कब्जे में लिया और एम्बुलेंस की मदद से नारायणपुर आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


लापरवाही ने ली जान, पुलिस जांच में जुटी

अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। अचानक हुई इस मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कंटेनर के नंबर और फरार चालक की तलाश में सरगर्मी से जुट गई है।

Published on:
04 Jun 2026 01:48 pm