अलवर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला उद्योगनगर थाना क्षेत्र का है, जहां शातिर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपए की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
अलवर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला उद्योगनगर थाना क्षेत्र का है, जहां शातिर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपए की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। परिवार ने अपनी जीवन भर की कमाई और कीमती जेवरात सुरक्षा के लिहाज से एक नीले रंग के ड्रम में छिपाकर रखे थे, लेकिन चोरों ने सीधे उसी ड्रम पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से इलाके के निवासियों में डर और रोष का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित श्यामलाल कोली उद्योगनगर थाना क्षेत्र में रहते हैं। घटना वाले दिन श्यामलाल अपने काम पर गया हुआ था और उसकी पत्नी एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गई हुई थी। घर को सूना पाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली और अंततः उस नीले ड्रम तक पहुंच गए, जिसे परिवार ने तिजोरी की तरह इस्तेमाल करते हुए उसमें अपने गहने सुरक्षित रखे थे।
पीड़ित श्यामलाल के अनुसार वह अगली सुबह घर पहुंचा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सारा सामान बिखरा पड़ा था और वह नीला ड्रम खाली था। चोरों ने ड्रम से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। आभूषणों के साथ ही चोर वहां रखे करीब 20 हजार रुपए नकद भी ले उड़े। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी जा रही है।
यह वारदात 28 मार्च की बताई जा रही है, लेकिन मामले में पुलिसिया कार्रवाई की सुस्त रफ्तार भी सामने आई है। पुलिस ने मामला देरी से दर्ज किया है। पीड़ित की ओर से मामला दर्ज करा दिया गया है। अब उद्योगनगर थाना पुलिस ने जांच का जिम्मा संभाला है। पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया है और कॉलोनी व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आशंका है कि वारदात में किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है जिसे घर के अंदर सामान रखे होने की जानकारी थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।