अलवर

Zila Pramukh Election: अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ को आज मिलेगा नया जिला प्रमुख, चुनाव प्रक्रिया जारी

अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों को आज नया जिला प्रमुख मिलेगा। तीनों जिला परिषदों में चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अलवर में जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस ने अनीता मीणा और भाजपा ने संतोष मीणा को प्रत्याशी बनाया है। खैरथल-तिजारा में निर्दलीय सदस्यों की भूमिका अहम हो गई है।
3 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 11:38 AM IST
Zila Pramukh Election
कांग्रेस ने अनीता मीणा (बाएं) और भाजपा ने संतोष मीणा को प्रत्याशी बनाया

अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिला परिषदों में जिला प्रमुख चुनने की प्रक्रिया बुधवार को शुरू हुई। सुबह 10 बजे जिला परिषद सभागार में बैठक के साथ निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 11 बजे तक प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इसके बाद 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच की गई। दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया। यदि मतदान की जरूरत पड़ती है तो दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक वोटिंग कराई जाएगी।

अलवर में कांग्रेस-भाजपा के बीच सीधा मुकाबला

अलवर जिला परिषद में जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस ने अनीता मीणा और भाजपा ने संतोष मीणा को प्रत्याशी बनाया है। दोनों ने अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। नामांकन के दौरान जिला परिषद कार्यालय के बाहर दोनों दलों के समर्थकों की भीड़ रही।

भाजपा ने संतोष मीणा को प्रत्याशी बनाया

अलवर जिला परिषद में कुल 39 वार्ड हैं। जिला प्रमुख चुनने के लिए 20 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। चुनाव परिणामों के अनुसार कांग्रेस के पास 33 सदस्य हैं, जबकि भाजपा के 4 सदस्य जीतकर आए हैं। इसके अलावा 2 निर्दलीय सदस्य हैं। आरएलपी का खाता नहीं खुला है।

अलवर में कांग्रेस ने अनीता मीणा को प्रत्याशी बनाया

जिला प्रमुख का पद एसटी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। भाजपा के चार सदस्यों में संतोष मीणा ही एसटी महिला हैं। ऐसे में पार्टी ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। दोनों दलों के नेताओं की ओर से जीत के दावे किए जा रहे हैं।

खैरथल-तिजारा में निर्दलीय तय करेंगे समीकरण

खैरथल-तिजारा जिला परिषद में मुकाबला दिलचस्प है। यहां कुल 25 वार्ड हैं और बहुमत के लिए 13 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों को 10-10 सीटें मिली हैं। ऐसे में 5 निर्दलीय और अन्य सदस्य चुनावी समीकरण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। भाजपा ने इंद्र यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों प्रमुख दलों की नजर निर्दलीय सदस्यों के समर्थन पर है।

खैरथल—तिजारा जिले में भाजपा ने इन्द्र यादव को बनाया प्रत्याशी।
खैरथल-तिजारा में कांग्रेस की ओर से अमिता चौधरी ने किया नामांकन दाखिल

कोटपूतली-बहरोड़ में कांग्रेस के 20 सदस्य

कोटपूतली-बहरोड़ जिला परिषद में कुल 27 वार्ड हैं। यहां जिला प्रमुख चुनने के लिए 14 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। चुनाव परिणामों में कांग्रेस को 20 सीटें मिली हैं, जबकि भाजपा के खाते में 6 सीटें आई हैं। एक सदस्य निर्दलीय है। इस तरह यहां भी जिला प्रमुख के चुनाव में सदस्यों का संख्याबल महत्वपूर्ण रहेगा।

तीनों जिलों में जिला प्रमुख के चुनाव के नतीजों पर राजनीतिक दलों और स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए जिला प्रमुखों के नाम सामने आएंगे।

जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को नामांकन में जाने से रोका तो पुलिस से बहस हुई, बाद में प्रवेश दिया।
Updated on:
25 Nov 2026, 11:38 AM IST
Published on: