मेव समाज से जुड़े अनेक लोगों ने सोमवार को प्रताप ऑडिटोरियम के बाहर से पैदल मार्च निकाल कर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र सिंह के निजी सहायक को राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम ज्ञापन सौंपा।
अलवर. मेव समाज से जुड़े अनेक लोगों ने सोमवार को प्रताप ऑडिटोरियम के बाहर से पैदल मार्च निकाल कर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र सिंह के निजी सहायक को राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम ज्ञापन सौंपा। बाद में निजी सहायक ने मोबाइल पर मेव समाज के प्रतिनिधियों की कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सिंह से बात कराई, जिसमें उन्होंने दो दिन में पंचायत चुनाव में पुलिस दमन की कार्रवाई करने एवं करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मेव समाज के अनेक लोग प्रताप ऑडिटोरियम के बाहर एकत्र होकर पैदल जुलूस के रूप में फूलबाग पहुंचे और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र सिंह के निजी सहायक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मोबाइल पर पूर्व मंत्री नसरू खां की राष्ट्रीय सचिव सिंह से बात कराई। जिसमें पूर्व मंत्री खां ने पंचायती राज चुुनाव में अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों पर पुलिस दमन का आरोप लगाते हुए सदरथाना प्रभारी के खिलाफ निलम्बन की दो दिन में कार्रवाई की मांग की। पैदल मार्च में कांग्रेस नेता गफूर खां, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष जमशेद खां, शिफात खां, सूरजमल कर्दम सहित अनेक लोग मौजूद थे। इस दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।