अलवर

अलवर, भरतपुर में 5 तक स्टोन क्रशर, हॉट मिक्स प्लांट बंद

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रदूषण का स्तर ऊंचा होने से पर्यावरण प्रदूषण (निवारण एवं नियंत्रण) प्राधिकरण दिल्ली की ओर से अलवर व भरतपुर जिले में ईंट भट्टे, स्टोन क्रशर, हॉट मिक्स प्लांट बंद रखे जाने के निर्देश दिए गए हैं।
2 min read
Nov 02, 2019
अलवर, भरतपुर में 5 तक स्टोन क्रशर, हॉट मिक्स प्लांट बंद
अलवर, भरतपुर में 5 तक स्टोन क्रशर, हॉट मिक्स प्लांट बंद

अलवर. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रदूषण का स्तर ऊंचा होने से पर्यावरण प्रदूषण (निवारण एवं नियंत्रण) प्राधिकरण दिल्ली की ओर से अलवर व भरतपुर जिले में ईंट भट्टे, स्टोन क्रशर, हॉट मिक्स प्लांट बंद रखे जाने के निर्देश दिए गए हैं। भिवाड़ी में भी कोयला व अन्य ईंधन का उपयोग करने वाले उद्योगों को 5 नवम्बर की सुबह तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दीपावली पर एनसीआर दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में वायु की गुणवत्ता की स्थिति को देखते हुए ग्रेडेड रेस्पोंस एक्शन प्लान की प्रभावी क्रियान्विति के निर्देश दिए गए हैं।

केवल जिग जैग तकनीक के ईंट भट्टे चल सकेंगे

प्राधिकरण के ग्रेडेड रेस्पोंस एक्शन प्लान के तहत एनसीआर में शामिल अलवर व भरतपुर जिले में केवल जिग जैग तकनीकी पर आधारित ईंट भट्टे ही संचालित किए जा सकेंगे। इन जिलों में अन्य ईंधन से चलने वाले ईंट भट्टों पर 5 नवम्बर की सुबह तक पूरी तरह रोक रहेगी।

अलवर व भरतपुर जिले में प्रदूषण की समस्या को देखते हुए सभी स्टोन क्रशर व मिक्स प्लांट 5 नवम्बर की सुबह तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्टोन क्रशर व मिक्स प्लांट के संचालन से प्रदूषण की समस्या और बढऩे की आशंका रहती है।

भिवाड़ी में उद्योगों पर भी प्रतिबंध के निर्देश

अलवर जिले में भिवाड़ी में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा है। इस कारण प्राधिकरण ने वहां स्थित औद्योगिक क्षेत्रों को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के तहत भिवाड़ी क्षेत्र में केवल वे ही उद्योग संचालित किए जा सकेंगे, जो अभी तक प्राकृतिक गैस व कृषि अपशिष्ट से संचालित किए जाते हैं। वहीं कोयला व अन्य ईंधन से चलने वाले उद्योगों पर भी 5 नवम्बर की सुबह तक पाबंदी रहेगी।

निर्देशों की पालना नहीं करने पर होगी कार्रवाई

राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल अलवर के क्षेत्रीय अधिकारी ओपी गुप्ता ने बताया कि प्राधिकरण के निर्देशों की पालना नहीं करने वाले उद्योग व व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खतरनाक स्तर तक पहुंचा भिवाड़ी में प्रदूषण


भिवाड़ी क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता दीपावली पर्व के बाद भी लगातार खराब हो रही है। यहां प्रदूषण का स्तर काफी ऊपर पहुंच गया है। जहां दीपावली पर धारूहेड़ा में पीएम 2.5 एयर क्वालिटी इंडेक्स 337 पहुंच गया था। वहीं पीएम 10 का स्तर भी 500 के लगभग पहुंच गया था। लेकिन दीपावली के बाद भी पीएम 2.5 का स्तर अभी भी 220 के लगभग बना हुआ है। जबकि पीएम 10 का स्तर भी 180 से अधिक चल रहा है। विशेषज्ञों की मानें तो एयर क्वालिटी इंडेक्स 100 से अधिक नहीं होना चाहिए।

------

एयर क्वालिटी इंडेक्स
0 से 50 तक सबसे अच्छा

51 से 100 संतोषजनक
101 से 200 मध्यम स्तर

201 से 300 खराब
301 से 400 बहुत खराब

401 से 500 बहुत खतरनाक
-----

Published on:
02 Nov 2019 06:00 am