अलवर

Alwar: मां ने 4 साल की मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या की, फिर खुद की नसें काटी 

राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 'पुराना राजगढ़' इलाके में शुक्रवार सुबह एक मां ने अपनी ही 4 वर्षीय मासूम बेटी का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने खुद के हाथों की नसें काटकर आत्महत्या का प्रयास भी किया।
2 min read
Apr 17, 2026
Feature image
आरोपी मां ने भी सुसाइड की कोशिश की (फोटो - पत्रिका)

अलवर से ममता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। राजगढ़ थाना क्षेत्र के पुराना राजगढ़ इलाके में शुक्रवार को एक मां ने अपनी ही 4 वर्षीय पुत्री की हत्या कर दी। मृतक बच्ची का नाम गरिमा सैनी (4) बताया जा रहा है। वारदात के बाद आरोपी मां शीला सैनी (25) ने भी धारदार हथियार से अपने दोनों हाथों पर वार कर जान देने की कोशिश की।

कैसे हुआ घटना का खुलासा?

जानकारी के अनुसार, घटना का पता शुक्रवार सुबह तब चला जब परिजनों ने बच्ची गरिमा को स्कूल भेजने के लिए जगाया। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। मासूम गरिमा बेसुध पड़ी थी और उसकी मां लहूलुहान हालत में थी। परिजन आनन-फानन में दोनों को राजगढ़ चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने 4 वर्षीय गरिमा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मां शीला सैनी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दो साल से मानसिक रूप से परेशान थी महिला

परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी शीला सैनी पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अक्सर अजीब हरकतें करती थी। परिजनों के मुताबिक, उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए बच्चे भी उससे डरते थे और दूरी बनाकर रखते थे, लेकिन वह अक्सर बच्चों को जबरदस्ती अपने पास सुलाती थी। शुक्रवार की रात भी मासूम गरिमा अपनी मां के पास ही सोई थी।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

सूचना मिलते ही राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीणा पुलिस जाब्ते के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला मां की ओर से ही गला घोंटकर हत्या करने का प्रतीत हो रहा है। महिला के एक बेटा है और एक बेटी थी। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसके होश में आने के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। हर कोई इस बात से हैरान है कि एक मां अपने ही कलेजे के टुकड़े की जान कैसे ले सकती है।

Published on:
17 Apr 2026 12:27 pm