
ज्योति कौर। पत्रिका फाइल फोटो
अलवर। एनईबी थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ज्योति कौर (32) ने हरियाणा के नूंह निवासी रफीक खान से 12 साल पहले लव मैरिज की थी। वह अपने पति और बच्चों के साथ पीहर के पास ही दाउदपुर में रह रही थी। उसने शुक्रवार रात करीब साढ़े 8 बजे घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजन और पड़ोसी उसे फंदे से उतारकर अलवर शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट कराया। शनिवार को मृतक ज्योति के शव को पोस्टमार्टम कराया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक के सिर में ताजा चोट का निशान मिला है। उधर अस्पताल की मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. ज्योति कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया फंदे लगाने से दम घुटने से मौत होना सामने आया है। फिर भी मृतक का विसरा जांच के लिए भिजवाया गया है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता लग सकेगा।
मृतक ज्योति का पति रफीक टैक्सी ड्राइवर है। घटना के दौरान वह किसी काम के सिलसिले में नूंह गया हुआ था। उसके एक 10 साल का बेटा और डेढ़ साल की बेटी है। परिजनों के अनुसार मृतक ज्योति ने शुक्रवार को शाम को खाना बनाने के बाद बच्चों को खिलाया। इसके बाद वह दूसरे कमरे में चली गई। बाद में परिजनों को वह फंदे पर लटकी हुई मिली।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार मृतक ज्योति शादी से पहले डांसर के तौर पर काम करती थी। वहीं, रफीक से लव मैरिज के बाद से वह घर पर ही रह रही थी। फिलहाल पुलिस ने घटना स्थल को सुरक्षित किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमॉर्टम और परिजनों के बयानों के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। आखिर 12 साल तक ठीक-ठाक चली गृहस्थी के बाद अचानक ज्योति ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। फिलहाल, पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है।
Updated on:
28 Jun 2026 08:13 am
Published on:
28 Jun 2026 08:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
