
अलवर में 25 नवंबर से शुरू होने वाले मत्स्य उत्सव-2026 को खास बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कहा कि उत्सव में अलग-अलग तरह की गतिविधियां शामिल की जाएं, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें हिस्सा ले सकें।
जिला कलक्टर ने पुलिस अधिकारियों को उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं नगर निगम आयुक्त को शहर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। चार दिन तक चलने वाले इस उत्सव में शहर के अलग-अलग पर्यटन स्थलों और प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मत्स्य उत्सव की शुरुआत 25 नवंबर को सुबह 5:30 बजे श्री जगन्नाथ जी मंदिर में महाआरती के साथ होगी। सुबह 7 बजे कंपनी बाग में योगा फॉर ऑल और 9 बजे बायोडायवर्सिटी पार्क में नेचर वॉक आयोजित होगी। शाम 6 बजे कंपनी बाग में पोल मलखंब और शाम 7 बजे कवि सम्मेलन होगा। 25 और 26 नवंबर को सुबह 10 बजे से मोती डूंगरी पर स्टार गेजिंग भी होगी।
26 नवंबर को सुबह 7:30 बजे नेहरू गार्डन से प्रताप बंध नाका तक साइकिल रैली निकाली जाएगी। सुबह 10 बजे आरआर कॉलेज में मेहंदी, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं होंगी। सुबह 11:30 बजे मूविंग कलाकारों का प्रदर्शन होगा। शाम 7 बजे महल चौक में म्यूजिकल नाइट आयोजित की जाएगी।
27 नवंबर को सुबह 7 बजे होप सर्कस से मूसीरानी की छतरी तक हेरिटेज वॉक होगी। शाम 3 बजे होप सर्कस से सागर जलाशय तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 6 बजे सागर जलाशय पर दीपमाला और रात 7 बजे महल चौक में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
उत्सव के अंतिम दिन 28 नवंबर को सुबह 9:30 बजे कंपनी बाग में फ्लावर शो होगा। सुबह 10 बजे यहां डॉग, कैट, बर्ड और अन्य विदेशी पालतू जानवरों का पेट एनिमल शो आयोजित किया जाएगा। दोपहर 1 बजे भानगढ़ में लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। इस तरह चार दिन तक अलवर में पर्यटन, कला, संस्कृति और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। अलवर की कला और संस्कृति का महाकुंभ 'मत्स्य उत्सव-2026' इस बार खास होने वाला है।