अलवर

होटल पर रूके परिवार की युवती के साथ बदमाशों ने किया ऐसा काम, विरोध करने पर परिजनों की कर दी पिटाई

दो युवक बुरी तरह लहूलुहान, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
2 min read
Jul 19, 2018
Alwar : Molestation of girl at hotel on highway
होटल पर रूके परिवार की युवती के साथ बदमाशों ने किया ऐसा काम, विरोध करने पर परिजनों की कर दी पिटाई

लाज बचाने आए भाइयों पर तेजधार हथियारों से हमला
नुकीला सुआं हथेली के आरपार किया

रेवाड़ी. दिल्ली-जयपुर हाइवे के एक होटल पर रुकी राजस्थान रोडवेज की बस से उतरे एक परिवार की लड़की ने बुधवार को छेड़छाड़ का विरोध किया तो उसकी जमकर पिटाई की गई। बहन की लाज बचाने के लिए जैसे ही भाई आगे बढ़े तो उनको बर्फ तोडऩे वाले तेज धारदार हथियार (सुआं) से लहूलुहान कर दिया गया। एक भाई के हाथ से सुआं आरपार कर दिया गया। इस वारदात के बाद होटल पर भगदड़ मच गई और सभी घायलों को रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जिसमें एक की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया है। हमले व छेड़छाड़ का आरोप होटल के कारिंदों पर लगा है।
जानकारी के अनुसार यह वारदात हाइवे स्थित गांव संगवाड़ी के पास एक होटल की है। यहां सीकर से दिल्ली जाने वाली राजस्थान रोडवेज की बसें प्राय: रुकती हैं। ऐसी एक बस में सीकर जिले के रहने वाले 3 भाई व 3 बहन सफर कर रहे थे। ये सभी सीकर से दिल्ली जा रहे थे। यह बस जब संगवाड़ी स्थित होटल पर रुकी तो परिवार के विकास शर्मा और निखिल शर्मा भी खाना खाने के लिए बहनों के साथ बस से नीचे उतरे। भाइयों के अनुसार उनकी एक बहन जब होटल के टॉयलेट में गई तो वहां कारिंदों ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसने जब विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। उसके द्वारा शोर मचाने पर जब विकास वहां पहुंचा तो एक कारिंदे ने बर्फ तोडऩे वाले सुआं से उसके पेट में वार कर लहुलूहान कर दिया। दूसरा भाई निखिल भी जब वहां पहुंचा तो कारिंदों ने उसकी हथेली में सुआं मारकर आरपार कर दिया। इस वारदात के बाद होटल पर भगदड़ मच गई और चीखने-चिल्लाने की आवाज आने लगी।
लोगों की मदद से भाई-बहनों को रेवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां गंभीर हालत होने पर दोनों को रोहतक रेफर कर दिया। छेड़छाड़ पीडि़ता राजस्थान स्वास्थ्य विभाग में बतौर एएनएम कार्यरत है। कसौला थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि बहन की शिकायत पर हमलावर कारिंदों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की अभी पहचान नहीं हुई है। उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
19 Jul 2018 10:53 am