
Alwar Municipal Body Elections: नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में बुधवार को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। बाकी बचे अन्य निकायों में दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को कराया जाएगा। अलवर में निकाय चुनाव के दौरान कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने और हंगामे की शिकायतें सामने आईं। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और पूर्व विधायक साफिया खान आदि ने भी मतदान किया। शाम 6 बजे तक सबसे अधिक मतदान प्रतिशत बहादुरपुर नगर पालिका में 89.23 प्रतिशत रहा।
सुबह 10 बजे तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण व कस्बाई इलाकों में शहर के मुकाबले ज्यादा जोश देखा जा रहा है। अलवर नगर निगम क्षेत्र में सुबह 10 बजे तक 18.80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। वहीं अन्य पालिकाओं में वोटिंग की रफ्तार अच्छी रही।
अलवर में कई जगह ईवीएम खराब होने की शिकायतें। वार्ड नंबर 53 के स्वराज स्कूल बूथ पर दो घंटे मतदान बंद रहा। मोनालिसा स्कूल में बने बूथ पर ईवीएम खराब। दूसरी ईवीएम लाई गई, वह भी खराब निकली। तीन घंटे बाद शुरू हुआ मतदान।
अलवर के वार्ड नं. 43 में मतदान शुरू होने से पहले दो गुटों में मारपीट। एक जने का सिर फूटा। निवर्तमान पार्षद जगदीप अटल पर आरोप।तिजारा के वार्ड नंबर 27 स्थित एक पोलिंग बूथ पर कुछ असामाजिक तत्वों के हंगामा करने से माहौल गरमा गया। मौके पर मौजूद मतदाताओं ने फर्जी वोटिंग के आरोप लगाए। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन ने स्थिति संभाली तथा मतदान प्रक्रिया जारी रही।
अलवर के मालवीय नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर मतदान केंद्र पर हंगामा हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली।
अलवर के मालवीय नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर के वार्ड 37 मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा किया।अलवर में वार्ड 39 के सेंट एंसलम स्कूल मतदान केंद्र पर दिल्ली रोड मुंगस्का निवासी प्रीति कौर ने आरोप लगाया कि वोट डालने पहुंचने पर पता चला कि उनके नाम से पहले ही मतदान हो चुका है। उन्होंने अधिकारी से शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
कुछ मतदान केंद्रों पर लोग अपने मोबाइल में पहचान पत्र(आईडी) की फोटो खींचकर लाए। सुरक्षा कर्मियों ने मोबाइल बूथ के बाहर रखवाए। वापस घर जाकर आईडी लानी पडी।
ज्यादातर मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर की व्यवस्था नहीं होने की शिकायतें। इसकी वजह से बुजुर्ग मतदाता परेशान होते नजर आए।
काला कुआं स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल में बने मतदान केन्द्र पर सुबह 8 बजे वोटर्स की लंबी कतार नजर आई। उधर, गांधी स्कूल का मतदान केंद्र खाली नजर आया। खंडेलवाल स्कूल के मतदान केंद्र पर सुबह कम संख्या में मतदाता पहुंचे।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जेके क्लब में मतदान किया। पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने केन्द्रीय स्कूल में मतदान किया।पूर्व विधायक साफिया खान ने किया मतदान। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी मतदान किया।
जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला ने नौगांवा मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।
कई लोगों ने मतदान में घटिया स्याही लगाने का आरोप लगाया। पानी से स्याही हटने का दावा करते हुए फर्जी मतदान की आशंका भी जताई।
नौगांवा और बहादरपुर में सुबह 10 बजे तक ही 37 फीसदी से ज्यादा वोट डल चुके हैं, जो साफ बताता है कि कस्बों में लोग अपने वार्ड पार्षद और स्थानीय मुद्दों को लेकर कितने गंभीर हैं। मालाखेड़ा में भी 35.91 फीसदी मतदान के साथ मजबूत शुरुआत देखने को मिली है। भिवाड़ी, खैरथल और नारायणपुर जैसे क्षेत्रों में भी वोटिंग रफ्तार पकड़ रही है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण भिवाड़ी में सुबह 26.37 फीसदी वोटिंग हुई।