
अलवर. नगर परिषद आयुक्त की कुर्सी कोई अधिकारी संभालने को तैयार नहीं है। स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक के आदेश के बावजूद मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कार्यभार नहीं संभाला। इस मामले में सभापति ने कहा कि आदेश उसी दिन आ गए। मैंने खुद अतिरिक्त जिला कलक्टर को आदेश भेजे हैं। जब इस बारे में अतिरिक्त जिला कलक्टर से बात की तो उन्होंने कहा कि उनको अभी तक उनको कोई प्रशासनिक आदेश ही नहीं मिले हैं।
नगर परिषद आयुक्त के कारण अब सफाई कर्मचारी भर्ती की लॉटरी अधर में है। दो दिन पहले ही आयुक्त संजय शर्मा मेडिकल लेकर गए हैं। उनसे निचले दो अधिकारी भी मेडिकल अवकाश पर हैं। सभापति अशोक खन्ना ने हालातों से स्थानीय निकाय विभाग को अवगत कराया है। इसके बाद निदेशक ने अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर को आयुक्त के पद पर लगाने के आदेश किए गए।
दो अधिकारियों को सूचना
सभापति ने बताया कि लेखाधिकारी व सहायक लेखाधिकारी पहले से अवकाश पर हैं। उनकी मेडिकल बोर्ड से जांच कराई जाएगी जिसके लिए उनको अवगत करा रहे हैं। फिर भी नहीं आए तो विभाग को सूचना भेजी जाएगी।
आयुक्त की बताई गलती
सभापति ने कहा कि पिछली बार भी लॉटरी से एक दिन पहले आयुक्त मनमर्जी से मेडिकल अवकाश लेकर चले गए। पार्षदों का विरोध भी रहा। अब फिर से सफाई कर्मचारी की भर्ती से पहले अवकाश लेकर गए। ऐसे में आयुक्त की कुर्सी पर कोई अधिकारी नहीं लगा है जिसके कारण भर्ती की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है जबकि पिछली बार कार्यवाहक आयुक्त लगा दिया गया था लेकिन आयुक्त संजय शर्मा वापस आ गए। पिछली बार ही कोई ठोस निर्णय किया जाता तो दुबारा ऐसा नहीं होता। हम खुद चाह रहे हैं कि सफाई कर्मचारी भर्ती की लॉटरी अविलम्ब निकाली जाए लेकिन अधिकारी साथ नहीं दे रहे हैं।
मुझे आदेश नहीं मिले
मुझे आदेश नहीं मिले हैं। आदेश मिलने के बाद तुरंत विचार किया जाएगा। अभी कोई जानकारी नहीं है।
महेन्द्र मीना, एडीएम सिटी, अलवर