अलवर

अलवर: शराब ठेकेदार के मर्डर के पीछे की असली वजह आई सामने, पहले भी 2 बार की गई थी हत्या की कोशिश

Alwar News: बानसूर कस्बे के बाइपास रोड पर बदमाशों ने एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है, जो बालावास गांव का निवासी था।

3 min read
Jun 25, 2025
आरोपी और मृतक (फोटो- पत्रिका)

बानसूर/अलवर: बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी मंगलवार को बानसूर में देखने को मिली। दो बाइकों पर आए 6 बदमाशों ने बानसूर कस्बे के बाइपास रोड पर बालावास गांव के युवक सुनील यादव उर्फ टुल्ली (35) पर फायरिंग कर उसका पूरा शरीर गोलियों से छलनी कर दिया और फरार हो गए। उस समय सुनील एक दुकान में बैठा था, बदमाशों ने उसे दुकान में घुसकर मारा।


बदमाशों ने जाते समय भी चौराहे पर फायरिंग की। इसके बाद एक बदमाश कृष्ण यादव उर्फ कृष्ण पहलवान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट की, जिसमें उसने न केवल सुनील की हत्या की जिमेदारी ली, बल्कि अपने दूसरे दुश्मनों को भी मारने की खुलेआम धमकी दी।


शराब की ब्रांच की लेकर पुरानी रंजिश


पुलिस के अनुसार, सुनील और कृष्ण पहलवान के बीच शराब की एक ब्रांच को लेकर पुरानी रंजिश थी। दरअसल, सुनील शराब ठेकेदार था। उसकी बानसूर से तीन किमी दूर भूपसेड़ा में शराब की दुकान है। उसने अपने गांव बालावास में भी शराब की एक अवैध ब्रांच खोली हुई है। झगड़ा इसी ब्रांच को लेकर था।


कुछ लोगों का दावा है कि कृष्ण पहलवान इस ब्रांच से हो रहे मुनाफे में से सुनील से हिस्सा मांगता था। पुलिस भी इसी एंगल से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच जमीन को लेकर भी पुरानी रंजिश थी।


मृतक के भाई ने दर्ज कराया मामला


मृतक सुनील के ममेरे भाई जितेंद्र यादव निवासी काली पहाड़ी ने पुलिस थाने में कृष्ण पहलवान सहित उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में नाकेबंदी कराई गई है। पुलिस की 5 टीम बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन देर रात तक बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। सुनील अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। सुनील शादीशुदा था। उसके दो बच्चे हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है कि जिसमें बदमाश भागते हुए नजर आ रहे हैं।


मृतक और आरोपी दोनों पड़ोसी, पहले भी दो बार की थी हत्या की कोशिश


मृतक सुनील और आरोपी कृष्ण पहलवान दोनों पड़ोसी हैं। कृष्ण पहलवान ने पूर्व में भी सुनील पर दो बार फायरिंग कर उसकी हत्या की कोशिश की थी। दोनों बार सुनील बच गया। बताया जा रहा है कि दोनों के खिलाफ थाने में कुछ मामले दर्ज हैं।


प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- शूटर बुलाए


पुलिस के अनुसार सुनील की हत्या दो बाइकों पर सवार 6 बदमाशों ने की। जबकि वायरल वीडियो में आरोपी कृष्ण पहलवान चारपहिया वाहन में बैठा नजर आ रहा है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि सुनील की हत्या करने वाले बदमाशों में कृष्ण पहलवान शामिल नहीं था। उसने भाड़े के शूटर या अपने साथियों की मदद से सुनील की हत्या करवाई और बाद में चारपहिया वाहन में सवार होकर खुद का वीडियो बना कर शेयर किया।


आरोपी ने वीडियो जारी किया


कृष्ण यादव उर्फ कृष्ण पहलवान ने इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में कहा, सभी भाइयों को जय सियाराम…और मेरे दोस्तों क्या हाल हैं। सभी भाइयों को राम-राम। बानसूर में आज जो कांड हुआ है। जो गोली लगी है। वो हमने ही कराई है। यह हमारे विरुद्ध था और जो भी हमारे विरुद्ध है, सबको मारेंगे। हमारी पर्सनल लड़ाई थी इससे।


दो बार पहले भी गोली मार दी थी और तीसरी बार भी मार दी। किसी को दिक्कत हो तो मैसेज कर देना, उसे मार देंगे। जो हमारे विरुद्ध हैं न, सबको मार देंगे। और एक लाला है बाठखानी का। उसको बोल देना तेरे को भी मारेंगे। एक को भी नहीं छोड़ेंगे। सबको मारेंगे एक-एक कर। जो हमारे विरुद्ध है, अपने घर में रहना। जो घर से बाहर आया, उसे मारेंगे।

Updated on:
25 Jun 2025 09:57 am
Published on:
25 Jun 2025 07:32 am
Also Read
View All

अगली खबर