अलवर

अलवर न्यूज : बिजली के टूटते तार ‘दौड़ती जिंदगी’ पर कर रहे प्रहार, हालातों में नहीं हो रहा सुधार… पढ़ें यह न्यूज

टूटते तारों से उजड़ रही मांग की सिंदूर तो बुझ रहा किसी के घर का चिराग। बिजली के ढीले तार आए दिन टूटने से हो रहे करंट जनित हादसे। मरम्मत के नाम विद्युत कटौती करने के बावजूद समस्या बरकरार।

4 min read
Aug 07, 2024

अलवर. बिजली की लाइनों की मरम्मत के नाम पर विद्युत वितरण निगम की ओर से आए दिन बिजली कटौती कभी दो घंटे तो कहीं पर चार से पांच घंटे तक की जाती रही है, बावजूद हालात जस के तस बने हुए है। शहरी क्षेत्र हो या फिर ग्रामीण अंचल... बिजली के तार टूटने, इनकी चपेट में आने से जनहानि भी हो रही है। बीते एक माह में ही जिला क्षेत्र ऐसे कई जगहों पर करंट जनित हादसे हुए हैं, जिनसे किसी महिला की मांग का सिंदूर उजड़ गया तो किसी के घर का चिराग ही बुझ गया। पढ़ें इसी पर एक रिपोर्ट।

भैंसड़ावत में विद्युत ट्रांसफॉर्मर में करंट से बुझ गया था घर का चिराग

गोविन्दगढ़. सहायक अभियंता कार्यालय के अंतर्गत आने वाली ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत निगम के विद्युत पोल कई जगह क्षतिग्रस्त हैं। कहीं लाइन नीचे लटकी हुई है तो विद्युत तार घरों से सटे हुए हैं, जिससे घरों में करंट आने का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में तो करंट आ भी जाता है। लगातार क्षेत्र में हादसा होने के बाद भी निगम के जिम्मेदार अभियंता गंभीर नजर नहीं आते। दुर्घटना के बाद करंट से जान गंवाने वाले या घायल होने वाले पीडि़त जनों के पास अधिकारी उनके आंसू पहुंचने के लिए भी नहीं पहुंचते।

केसे नं. 01 : 2 अगस्त को नाना के घर काम सीखने आए 19 वर्षीय किशोर मोहिन की खेत से चारा लाते समय करंट की चपेट से मौत हो गई थी। वह परिवार में इकलौता था। घर की आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते वह काम सीखने के लिए नाना के घर आया था।

केसे नं. 02 : दो सप्ताह पूर्व जगन्नाथ यात्रा के दौरान सीताराम मंदिर के पास यात्रा को देख रही 22 वर्षीय युवती वंशिका पुत्री रामेश्वर गोविंदगढ़ के ऊपर बिजली का तार टूट कर गिर गया था, जिससे वह झुलस गई थीं, जबकि बिजली निगम की एफआरटी की गाड़ी हादसे से 30 मिनट पहले ही तारों को सही कर के गई थी। आरोप है कि सीताराम मंदिर के पास पुराने विद्युत तारों को बदला नहीं गया था।

...............

कई जगह बिजली के ढीले तार दे रहे हादसों को निमंत्रण

खेरली. कस्बा क्षेत्र में बिजली के ढीले तार कई जगह हादसों को निमंत्रण दे रहे है। ढीले तार जमीन को छूते प्रतीत होते है। तार इतने ढीले हैं कि उन्हें जमीन से आसानी से छुआ जा सकता है। ऐसे में हादसे होने का डर रहता है। अभी कुछ दिन पूर्व ऐसे ही ढीले तारों के संपर्क में आने से एक पोल में करंट आ जाने से एक बकरी के बच्चे की मौत हो गई थी। ऐसे ही कई बार तेज हवा में ढीले तारों के झूलने से वह एक-दूसरे से टकरा जाते है, जिससे भी बार-बार लाइन में फाल्ट हो जाता है। रविवार रात्रि को भी वार्ड नंबर 19 में ढीले तार एक-दूसरे से टकरा जाने से फाल्ट हो गया था, जिससे कई घरों में बिजली के बल्ब, उपकरण आदि फुंक गए थे। नगर पालिकाध्यक्ष ने इस बारे में बिजली निगम को पहले भी कई बार पत्र लिख ढीले तारों को सही करने के लिए कहा था, लेकिन कुछ एक स्थान पर कार्य कर निगम ने इतिश्री कर ली। इधर निगम के अभियंताओं से संपर्क का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो पाई।

................

कार्मिकों की लापरवाही से दो लोगों की करंट से हो चुकी मौत

राजगढ़. उपखण्ड क्षेत्र के गोला का बास तथा राजगढ़ क्षेत्र में बिजली लाइन के ढीले तारों को ऊंचा नहीं करने और क्षतिग्रस्त बिजली पोलों को नहीं बदले जाने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। राजगढ़़ कस्बे के पटायरी की डूंगरी मोहल्ला में भी बड़ी संख्या में मकानों के ऊपर से विद्युत लाइन गुजर रही है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। राजगढ़ थाना क्षेत्र के डाबलामेव गांव के सरकारी स्कूल के पीछे खेत में टूटे पोल को सही करने व दूसरे पोल को बदलने के दौरान बैगर सूचना के बिजली सप्लाई कर देने से करंट प्रवाह से 31 जुलाई को ठेकाकर्मी मुकेश मीना (30) पुत्र बाबूलाल मीना निवासी करणपुरा थाना रैणी की मौत हो गई थी। इसके अलावा 30 जुलाई को गोला का बास क्षेत्र के बिरकडी गांव की सन्तोष देवी शर्मा के खेत के तारबंदी करते समय पड़ोसी के खेत में करीब एक माह से बिजली लाइन सहित पड़े पोल के तारों में प्रवाहित करंट से थानागाजी क्षेत्र के भांगडोली निवासी जगदीश शर्मा की मौत हो गई थी तथा सन्तोष देवी शर्मा सहित दो जने घायल हो गए थे।

...............

ढीले व झूलते तार हादसों को दे रहे न्यौता

लक्ष्मणगढ़. कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्र के कई गांवों में विद्युत निगम के झूलते तार हादसों को न्यौता दे रहे है। कस्बे के कठूमर रोड़ गाड़िया लोहार के समीप सहित कस्बे के मुख्य बाजार, ग्रामीण क्षेत्र में कई जगहों पर झूलते तार हादसों को न्यौता दे रहे है। कस्बे के सैनी मोहल्ले में जमीन से सटा ट्रांसफाॅर्मर भी हादसों को न्यौता दे रहा है। स्थानीय लोग इस सम्बन्ध में कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों को अवगत करवा चुके है, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

................

पुराने व जर्जर तारों से बनी रहती है दुर्घटना की आशंका

कठूमर. उपखंड क्षेत्र में ढीले व कमजोर तार लोगों की मुसीबत का सबब बने हुए हैं। अनेक स्थानों पर टांसफाॅर्मर भी नीचे जमीन पर रखें हुए हैं, जिनके कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पिछले दिनों इन्द्रावली में करंट से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। कठूमर कस्बे के कई वार्डों में बिजली के तार काफी नीचे व जर्जर अवस्था में है, जो आए दिन टूटते रहते है। तार टूटने के कारण बार बार शट-डाउन लेना पड़ता है और हादसे की आशंका बनी रहती है।

टूटे तारों की चपेट से दो किशोर झुलसे 

रैणी. क्षेत्र के गांव जामड़ोली में मंगलवार शाम हाई वोल्टेज लाइन का तार टूट कर बाइक सवार 2 जनों पर गिर गया, जिसमें गंभीर झुलसे एक बालक को रैणी चिकित्सालय से अलवर रैफर किया है। जामड़ोली सरपंच प्रतिनिधि डीसी मीणा ने बताया कि जामडोली निवासी दिलकुश व उसका चचेरा भाई अंकित बाइक पर पशु चारा लेकर खेतों से घर आ रहे थे कि गांव के अम्बेडकर सर्किल के पास सडक के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन का तार टूटकर बाइक से पशु चारा लेकर घर जा रहे अंकित के पैर पर आकर गिरा। हाई वोल्टेज करंट से बाइक सवार अंकित व दिलकुश झुलस गए, जिन्हें परिजन व ग्रामीण रैणी चिकित्सालय लेकर आए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल अंकित योगी (15) को अलवर रैफर किया गया। रैणी क्षेत्र में ढीले व जर्जर पुराने तारों की बहुतायत है। साधारण सभा में, त्रिस्तरीय जनसुनवाई में ढीले तारों का मुद्दा जोर-शोर से उठाया जाता है, फिर भी न तो कोई कार्रवाई होती है और न ही उनको सही किया जाता है। आए दिन हादसे हो रहे हैं। विद्युत निगम के अभियंता चुप है।

Published on:
07 Aug 2024 12:19 am
Also Read
View All

अगली खबर