अलवर

Alwar News: मुनाफे का दिया झांसा, युवती से साढ़े तीन लाख की ठगी

Feb 21, 2026
Feature image
Representative picture (AI)

अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता निर्मल प्रकाश सूरा निवासी शिवाजी पार्क ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

रिपोर्ट के अनुसार, उनकी बेटी का फेसबुक पर लोकेश कुमार सक्सेना उर्फ लोकेन्द्र नामक युवक से संपर्क हुआ। आरोपी ने खुद को आगरा निवासी बताते हुए प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी बताया और कहा कि वह उत्तराखंड में प्रशिक्षण ले रहा है। साथ ही उसने शेयर मार्केट में विशेष जानकारी होने का दावा किया।

प्रॉफिट का दिया लालच

आरोपी ने युवती को सुरक्षित शेयरों में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया। विश्वास में आकर युवती ने अपना पैन कार्ड, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज उसे भेज दिए। 24 जून 2025 को 521 रुपए जमा कर एक अकाउंट खुलवाया गया। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में युवती आरोपी के बताए खातों में रकम भेजती रही।

अकाउंट में दिखाए 11 लाख

जब भी वह निवेश की जानकारी मांगती, आरोपी उसे फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट दिखाकर लाखों रुपए का मुनाफा दर्शाता रहा। उसने कहा कि अकाउंट में करीब 11 लाख रुपए जमा हो चुके हैं। लेकिन जब युवती ने रकम निकालने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आमजन से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के झांसे में न आने और निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल करने की अपील की है।

Updated on:
21 Feb 2026 12:02 pm
Published on:
21 Feb 2026 12:02 pm