अलवर

अलवर पंचायत चुनाव: सुबह 10 बजे तक 17.41% मतदान, उमरैण सबसे आगे

अलवर जिले में पंचायत चुनाव (Panchayat Election) के दूसरे चरण में शुक्रवार को पांच पंचायत समितियों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक जिले में 17.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उमरेण में सबसे ज्यादा 19.80 प्रतिशत और राजगढ़ में सबसे कम मतदान हुआ।
3 min read
• •
Updated: 30 Oct 2026, 1:15 PM IST
panchayat election voting
अकबरपुर ग्राम पंचायत में बरसात के दौरान मतदान के लिए पहुंचे मतदाता (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव (Rajasthan Panchayat Election) में राजगढ़, उमरैण, थानागाजी, मालाखेड़ा और लक्ष्मणगढ़ पंचायत समितियों में मतदान कराया जा रहा है। पांचों पंचायत समितियों में कुल 185 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1767 वार्डों में पंच चुने जाएंगे। इस चरण में 5 लाख 78 हजार मतदाता (Voters) अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो गई। मतदान का समय शाम छह बजे तक निर्धारित किया गया है। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के बीच मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।

सुबह 10 बजे तक जिले की पांच पंचायत समितियों में कुल 5,77,518 मतदाताओं में से 1,00,549 मतदाताओं ने वोट डाला। इस तरह जिले में कुल मतदान प्रतिशत 17.41 दर्ज किया गया है। पंचायत समिति के हिसाब से मतदान के आंकड़ों में अंतर देखने को मिला। उमरैण में सबसे अधिक मतदान हुआ, जबकि राजगढ़ सबसे पीछे रहा।

सुबह 10 बजे तक पंचायत समिति-वार मतदान (Voting Percentage) के आंकड़े:

  • उमरैण: 19.80% (सर्वाधिक) — (कुल 1,34,118 में से 26,550 मतदाताओं ने वोट डाला)
  • थानागाजी: 18.82% — (कुल 1,02,401 में से 19,274 मतदाताओं ने वोट डाला)
  • मालाखेड़ा: 18.64% — (कुल 1,26,211 में से 23,522 मतदाताओं ने वोट डाला)
  • लक्ष्मणगढ़: 17.10% — (कुल 89,702 में से 15,340 मतदाताओं ने वोट डाला)
  • राजगढ़: 12.68% (न्यूनतम) — (कुल 1,25,086 में से 15,863 मतदाताओं ने वोट डाला)

पांच पंचायत समितियों में इतने गांवों में चुनाव

दूसरे चरण में राजगढ़ पंचायत समिति की 41 ग्राम पंचायतों में 393 वार्डों में चुनाव हो रहे हैं। वहीं उमरैण की 38 ग्राम पंचायतों में 368 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है।

इसी तरह थानागाजी पंचायत समिति की 37 ग्राम पंचायतों में 331 वार्ड, मालाखेड़ा की 39 ग्राम पंचायतों में 387 वार्ड और लक्ष्मणगढ़ की 30 ग्राम पंचायतों में 288 वार्ड शामिल हैं। इन सभी ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्डों में पंच पद के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं।

शाम 6 बजे तक वोटिंग, इसके बाद शुरू होगी मतगणना

मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। इसके बाद मतदान केंद्रों पर ही मतगणना (Vote Counting) शुरू की जाएगी। मतगणना देर रात तक जारी रहने की संभावना है। मतगणना पूरी होने के साथ ही अलग-अलग ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के विजेताओं की स्थिति साफ हो जाएगी।

इस चुनाव में गांवों की सरकार चुनने के लिए बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। बारिश के बीच हो रहे मतदान पर भी सभी की नजरें बनी हुई हैं।

राजगढ़ क्षेत्र के कलेशान बूथ पर लगी मतदाताओं की लाईन
बानसूर- हरसौरा स्कूल के मतदान केंद्र पर भरा हुआ पानी
बानसूर के गांव गूता के बूथ पर लाइन में महिलाएं 
बानसूर - हरसौरा गांव के बूथ पर पोता, दादा को वोट देने के लिए ले जाता हुआ
अकबरपुर- पुलिस की लगातार गश्त 
Updated on:
30 Oct 2026, 1:15 PM IST
Published on: