30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नीमराणा में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा, डंपर पलटने से परिचालक की मौत

अलवर के नीमराणा में दिल्ली-जयपुर हाईवे (Delhi-Jaipur Highway) पर शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। मोहलड़िया गांव के पास एक खाली डंपर डिवाइडर पर पेड़ से टकराकर दूसरी लेन में पलट गया। हादसे में केबिन में सो रहे परिचालक की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Rajendra Banjara

•

Updated: 30 Oct 2026, 11:44 AM IST

neemrana delhi jaipur highway

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा (फोटो - पत्रिका)

नीमराणा में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 (NH-48) पर मोहलड़िया गांव के समीप हाईवे किंग होटल के पास यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार खाली डंपर दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहा था। शुक्रवार तड़के अचानक डंपर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद डंपर सीधे डिवाइडर के बीच खड़े एक बड़े पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी तरफ जयपुर से दिल्ली जाने वाली लेन में पलट गया।

हादसे के समय परिचालक डंपर के केबिन में सो रहा था। अचानक हुई टक्कर के कारण केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और परिचालक दोनों अंदर फंस गए। हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों और आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को निकाला

डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण अंदर फंसे चालक और परिचालक को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। पुलिस ने स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों की मदद से दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को केबिन से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सचखंड हॉस्पिटल (Sachkhand Hospital) पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परिचालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल चालक का उपचार शुरू किया गया। फिलहाल दोनों के नाम और पते की जानकारी सामने नहीं आई है।

गाय आने या नींद की झपकी से हादसे की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के पीछे हाईवे पर अचानक गाय का आ जाना या चालक को नींद की झपकी लगना कारण हो सकता है। आशंका है कि इसी वजह से चालक डंपर पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन डिवाइडर पर चढ़कर पेड़ से टकरा गया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दूसरी लेन में पलटने से यातायात प्रभावित

डंपर के डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पलटने से हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त डंपर को मौके से हटवाया और सड़क पर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही मृतक परिचालक और घायल चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।