अलवर

Alwar News: 6 पंचायत समितियों में BDO नहीं, प्रभारी अफसरों के भरोसे चल रहा काम

अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों में पंचायती राज विभाग का बुरा हाल है। यहां छह पंचायत समितियों में विकास अधिकारी (BDO) के पद खाली पड़े हैं। स्थायी अधिकारी न होने से ग्रामीण इलाकों के विकास कार्य ठप हैं और लोग रोजाना दफ्तरों से मायूस होकर लौट रहे हैं।
2 min read
Jul 06, 2026
bdo posts vacant
representative picture (AI)

पंचायती राज विभाग कार्यवाहक अधिकारियों के हवाले है। जिला परिषद अलवर, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीईओ) के तीनों पद रिक्त है। इस पद का भार अन्य अधिकारियों के पास है। इसी तरह पंचायत समितियों में छह बीडीओ के पद खाली चल रहे हैं।

यहां भी केवल पदभार देकर काम चलाया जा रहा है। लोग पंचायत समितियों से निराश होकर लौट रहे हैं। अब जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर ने इस संबंध में सरकार को पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने स्थायी अधिकारियों की तैनाती की मांग की है। पंचायती राज विभाग जिले की 75 प्रतिशत आबादी को कवर करता है। गांवों के लोग समस्याएं लेकर यहां पहुंचते हैं। विकास से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण बीडीओ के जरिए ही होता है, लेकिन बीडीओ के पद खाली चल रहे हैं।

सरकार पूर्व में लिस्ट जारी कर चुकी, लेकिन अधिकारी तैनात करने का नंबर नहीं आया। हैरत तो ये है कि जनप्रतिनिधि भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। वे विकास कार्यों की संस्तुति के लिए पत्र तो लिख रहे हैं, लेकिन रिक्त पदों पर अधिकारियों की तैनाती में दिलचस्पी नहीं ले रहे। कई ग्राम विकास अधिकारी व सहायक विकास अधिकारियों की शिकायतें बीडीओ के पास पहुंची हैं, लेकिन अफसरों के न होने के चलते वह आगे नहीं बढ़ पा रही हैं।


किशनगढ़बास पंचायत समिति में विकास अधिकारी का चार्ज मुंडावर के विकास अधिकारी संजय यादव के पास है। कोटकासिम पंचायत समिति में कार्यवाहक विकास अधिकारी रामदयाल हैं, जो तिजारा के बीडीओ हैं। गोविंदगढ़ पंचायत समिति में विकास अधिकारी के पद का चार्ज अतिरिक्त विकास अधिकारी रमेश चंद्र गुर्जर के पास है। कठूमर पंचायत समिति में विकास अधिकारी के पद का चार्ज सहायक अभियंता शिवराम मीणा के पास है। बानसूर पंचायत समिति में विकास अधिकारी के पद का चार्ज सहायक अभियंता प्रदीप विरमानी के पास है।

एसीईओ की जिम्मेदारी इनको दी

अलवर जिला परिषद में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ग्रामीण विकास और पंचायती राज के दोनों पद रिक्त हैं।
उमरैण पंचायत समिति की बीडीओ आरती गुप्ता के पास लंबे समय से एसीईओ पंचायती राज का चार्ज है।
तिजारा पंचायत समिति के बीडीओ रामदयाल के पास खैरथल-तिजारा जिला परिषद के एसीईओ का चार्ज है।
कोटपूतली बीडीओ हरिओम के पास जिला परिषद कोटपूतली-बहरोड़ के एसीईओ पद का चार्ज है।

रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार को पत्र लिखा गया है। जनता की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया गया है। - बलबीर सिंह छिल्लर, जिला प्रमुख

Updated on:
06 Jul 2026 12:30 pm
Published on:
06 Jul 2026 12:30 pm