अलवर

अलवर में पेंशनर्स की मांग: 8वें वेतन आयोग और 18 महीने के DA एरियर का मुद्दा उठा

अलवर में केंद्रीय सरकार पेंशनर्स एसोसिएशन (CGPA) का वार्षिक उत्सव और पेंशनर डे रविवार को मनाया गया। चित्रगुप्त धर्मशाला में आयोजित समारोह में 75 और 80 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके वरिष्ठ पेंशनर्स का सम्मान किया गया। इस दौरान पेंशन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
2 min read
• •
Updated: 25 Oct 2026, 3:14 PM IST
alwar pensioners
पेंशनर्स एसोसिएशन का कार्यक्रम (फोटो - पत्रिका)

केंद्रीय सरकार पेंशनर्स एसोसिएशन (CGPA) की अलवर शाखा की ओर से रविवार को चित्रगुप्त धर्मशाला में वार्षिक उत्सव और पेंशनर डे समारोह आयोजित किया गया। सुबह 9:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स शामिल हुए। समारोह में वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान करने के साथ पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में 75 और 80 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके सदस्यों को शॉल और सम्मान चिह्न देकर अभिनंदन किया गया। राजस्थान परिमंडल के प्रमुख पदाधिकारी और विभिन्न शहरों से आए सदस्य भी समारोह में शामिल हुए।

पेंशनर्स ने उठाईं ये प्रमुख मांगें

समारोह के दौरान केंद्रीय कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) के गठन में तेजी लाने की मांग की। इसके साथ ही महंगाई भत्ते (Dearness Allowance-DA) में बढ़ोतरी, पुरानी पेंशन योजना (Old Pension Scheme-OPS) की बहाली और कोरोना काल के दौरान रोके गए 18 महीने के महंगाई भत्ते के बकाया एरियर (DA Arrears) का भुगतान करने की मांग उठाई गई।

वक्ताओं ने कहा कि केंद्रीय कर्मचारियों ने अपने जीवन के कई महत्वपूर्ण वर्ष देश की सेवा में लगाए हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उनकी आर्थिक सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का ध्यान रखना जरूरी है। पेंशनर्स ने सरकार से इन मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

जयपुर से आए पदाधिकारी भी हुए शामिल

कार्यक्रम में जयपुर और राजस्थान के अन्य शहरों से के.एल. कौशिक, बी.एम. सुंडा, कश्यप और शिवदास शर्मा सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए। एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक राजाराम के अस्वस्थ होने के कारण समारोह की अध्यक्षता जयपुर से आए के.एल. कौशिक ने की। मंच संचालन कर्नल सतपाल यादव ने किया। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अशोक खन्ना और कायस्थ सभा के अध्यक्ष अविनाश माथुर मौजूद रहे।

पेंशनर्स के लिए लगाया स्वास्थ्य शिविर

समारोह में बुजुर्ग सदस्यों की सेहत को ध्यान में रखते हुए विशेष स्वास्थ्य शिविर (Health Camp) भी लगाया गया। जयपुर के एक निजी अस्पताल के सहयोग से आयोजित शिविर में पेंशनर्स को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, बुनियादी जांच और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ पेंशनर्स को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें जरूरी परामर्श उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के महासचिव बाबूलाल सैनी ने सभी अतिथियों, सदस्यों और सहयोगियों का आभार जताया।

Updated on:
25 Oct 2026, 3:14 PM IST
Published on: