अलवर

राजस्थान में चुनावी सरगर्मी के बीच यहां हुई फायरिंग, पुलिस अफसर को उतारा मौत के घाट, मचा हड़कंप

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Nov 16, 2018
Alwar Police CIA officer shot dead in Firing at dharuheda

धारूहेड़ा।

राजस्थान में चुनावी सरगर्मियों के बीच प्रदेश में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। ताज़ा खबर राजधानी जयपुर के नज़दीक धारूहेड़ा से मिली, जहां गुरुवार देर रात हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फ़ैल गई। बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग में पुलिस सीआईए (क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) टीम के अधिकारी की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमें में हड़कम्प मच गया। हालांकि बाद में हरियाणा पुलिस ने बदमाश को धर दबोचा।

ये हुई घटना
जानकारी के मुताबिक़ धारूहेड़ा के सीआइए प्रभारी रणवीर सिंह को गुरुवार रात बदमाशों को पकडऩे गए अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बदमाश नरेश को दबोच लिया है।

छापेमारी के दौरान हुई फायरिंग
धारूहेड़ा पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि खरकड़ा के ढाबा संचालक रामवीर की हत्या आरोपी खरकड़ा निवासी नरेश कुमार भिवाड़ी में घूम रहा है। सीआईए रणवीर ने जब पुलिस टीम के साथ हरियाणा सीमा में भिवाड़ी मोड़ पर नरेश को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी की तो नरेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर सीआईए प्रभारी को गोली मारी दी। गोली रणवीर सिंह के सीने में लगी बताई।

थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी वहां से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सीआईए प्रभारी रणवीर सिंह को भिवाड़ी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रणवीरसिंह की मौत हो गई।

पुलिस महकमें में मचा हड़कंप
सूचना पर रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा के अलावा भिवाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र यादव, भिवाड़ी के पुलिस उपाधीक्षक अर्जुन सिंह अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद हरियाणा और राजस्थान के पुलिस अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा भी लिया। थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने आरोपी नरेश को दबोच लिया गया है।

गौरतलब है कि नरेश कुख्यात बदमाश है, जिसने अपने ताऊ पर गोली चलाई थी और धारूहेड़ा के एक व्यापारी की फिरौती मांगने के लिए हत्या कर दी थी। नरेश की तलाश में कई दिन से पुलिस जुटी थी।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कपड़ा व्यवसाई दो बार एसपी को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं, लेकिन आरोपी नरेश पुलिस की गिरफ्त से काफी दिनों से बाहर था। हालांकि नरेश ने चेतावनी भी दी थी कि अगर मौका लगा तो दो लोगों को और मौत के घाट उतार देगा।

Published on:
16 Nov 2018 12:01 pm