
थानाधिकारी और तीन पुलिसकर्मियों को आई हल्की चोटें
नौगांवा. समीपवर्ती गांव मुबारिकपुर के थोकेदार बास में रविवार को दो पक्षों में चल रहे जमीनी विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस पर एक पक्ष के महिला-पुरुषों ने डण्डे एवं पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में थानाधिकारी व तीन पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं।
थानाधिकारी मोहनसिंह गुर्जर ने बताया कि मुबारिकपुर निवासी दुलीचन्द शर्मा की ओर से थोकेदार बास में अपनी खातेदारी की जमीन जोती जा रही थी। तभी दूसरे पक्ष के लोग उसे खेत जोतने से रोक उससे मारपीट करने लगे। दुलीचन्द ने इसकी सूचना कन्ट्रोल रूम को दी। सूचना पर थानाधिकारी मय जाब्ते घटनास्थल पर पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने डण्डों एवं पत्थरों से पुलिस पर हमला कर दिया। हमले की सूचना थानाधिकारी ने फोन पर उच्चाधिकारियों को दी। घटना के तुरन्त बाद ही नौगांवा एवं रामगढ़ थाने से बड़ी संख्या में पुलिस के जवान थोकेदार बास पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। आईपीएस अनिल बेनीवाल सहित क्यूआरटी एवं आरएसी का जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचा और मामले की जानकारी ली। आरोपी जंगलोंं और पहाड़ों की तरफ भाग गए, जिनकी देर शाम तक पुलिस छानबीन करती रही।
दो दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
थोकेदार बास में पुलिसकर्मियों पर पत्थर एवं डंडों से हुए हमले के मामले में देर रात पुलिस ने लगभग दो दर्जन लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा एवं पुलिस से मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि थोकेदार बास के शौकीन खां, शकील खां, शायरा, असमीना, बसकरी, मुबीना, जैबूना, अब्दुल, फकरू, कामिल खां, सरजीना, इलियास, जुबेर खां, कपूरी, इस्लाम, कश्मीरी, अरफीना, अलीमन, आलम खां एवं यूनुस खां सहित अन्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर, मुबारिकपुर निवासी दुल्लीचंद शर्मा पुत्र नारायण शर्र्मा ने भी देर रात इसी मामलें में अपनी खातेदारी भूमि जोतने के दौरान थोकेदार बास के दर्जन भर लोगों के खिलाफ उससे लाठी डण्डों से मारपीट करने एवं पैसे छीनने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।