6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar: अलवर निकाय चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में, 14 को आएगा रिजल्ट

अलवर जिले में निकाय चुनाव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जा चुके हैं और मतदान दलों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। जिले में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि परिणाम 14 सितंबर को आएगा।
2 min read
Google source verification
nikay election 2026

निकाय चुनाव की तैयारियां (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले में नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर चुनावी तैयारियां अंतिम दौर में हैं। प्रत्याशियों को चुनाव चिन्हों का आवंटन पहले ही किया जा चुका है। अब प्रशासन का फोकस मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने पर है।

जिले में निकाय चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में 9 सितंबर को पांच नगरीय निकायों में वोट डाले जाएंगे। इस चरण में नगर निगम अलवर, रामगढ़, नौगावां, मालाखेड़ा और बहादुरपुर में मतदान होगा।

इसके बाद 11 सितंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा। इस दिन कठूमर, खेड़ली, थानागाजी, राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, गोविंदगढ़-रामबास और बड़ौदामेव नगर पालिकाओं में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

दोनों चरणों का मतदान पूरा होने के बाद 14 सितंबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। ऐसे में प्रत्याशियों के साथ-साथ प्रशासन की तैयारियां भी अब तेजी से अंतिम रूप ले रही हैं।

मतदान अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

चुनाव को लेकर मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण भी पूरा किया जा चुका है। अलवर नगर निकाय चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को प्रताप ऑडिटोरियम में प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर्स ने पीपीटी के माध्यम से मतदान प्रक्रिया और चुनाव से जुड़ी जरूरी जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को ईवीएम से मतदान कराने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

आरओ नगर निगम अम्बा लाल मीणा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में ईवीएम से मतदान होगा। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने में मतदान दलों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने मतदान अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी को अच्छी तरह समझने और मतदान के दिन नियमों के अनुसार काम करने की बात कही।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा की

मतदान दल प्रशिक्षण प्रभारी बीना महावर ने ईवीएम प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। वहीं, अलवर जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय) डॉ. आर्तिका शुक्ला ने भी चुनाव तैयारियों को लेकर प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों, मतदान दलों और चुनाव से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

अब चुनावी प्रक्रिया का अगला बड़ा चरण मतदान है। 9 और 11 सितंबर को होने वाले मतदान के बाद 14 सितंबर को आने वाले परिणाम से प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा।