
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले के पुलिस महकमें में बड़ा फेरबदल चल रहा है। कांस्टेबल से लेकर थानाधिकारी तक बदले जा रहे हैं। तबादलों के दौर में एक रोचक बात यह सामने आई है कि शहर के अरावली विहार थाने में चार दिन में तीन थानाधिकारी बदले जा चुके हैं। यहां चौथे थानाधिकारी के रूप में किसी को नहीं लगाया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह ने 29 अगस्त की रात 9 पुलिस निरीक्षक व 34 उपनिरीक्षकों तबादले किए। जिसके तहत जिले में 23 थानाधिकारी बदले गए। इस सूची में अरावली विहार थानाधिकारी वीरेन्द्र यादव का स्थानांतरण बहरोड़ किया गया तथा उनके स्थान पर अरावली विहार थाने में पुलिस लाइन में तैनात निरंजनपाल सिंह को लगाया गया। पुलिस निरीक्षक निरंजनपाल सिंह ने नए थानाधिकारी के रूप में शनिवार दोपहर करीब दो बजे अरावली विहार थाने में कार्यभार संभाला। मात्र सात घंटे बाद ही रात करीब नौ बजे उनका स्थानांतरण भिवाड़ी फेज-थर्ड थानाधिकारी के रूप में कर दिया। उनके स्थान पर सीकर से पुलिस निरीक्षक राजीव राहड़ को अरावली विहार थानाधिकारी लगाया गया।
निरंजनपाल स्थानांतरण आदेश के कुछ मिनट बाद ही उप निरीक्षक राजकुमार को चार्ज देकर रिलीव हो गए। पुलिस निरीक्षक राजीव राहड़ के अरावली विहार थानाधिकारी के रूप में ज्वाइन करने से पहले ही पुलिस मुख्यालय से रविवार दोपहर उनके आदेश निरस्त कर दिए गए। उधर, पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह का कहना है कि पुलिस निरीक्षक राजीव राहड़ के खिलाफ 16सीसीए की विभागीय जांच चल रही है, जिसके कारण उनके आदेश निरस्त किए गए हैं।
चार थानाधिकारी बदले, 139 पुलिस कर्मी इधर-उधर
जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह ने हाल जारी पुलिस उपनिरीक्षकों की स्थानांतरण/पदस्थापन सूची में आंशिक संशोधन कर चार थानाधिकारियों को बदला है। उपनिरीक्षक दारासिंह को थानाधिकारी रैणी के स्थान पर चौकी शेखपुर अहीर-तिजारा लगाया गया है। अजीत सिंह को थानाधिकारी नौगांवा के स्थान पर थानाधिकारी लक्ष्मणगढ़, अवतार सिंह को थानाधिकारी नारायणपुर के स्थान पर थानाधिकारी रैणी और विजेन्द्र सिंह को थानाधिकारी लक्ष्मणगढ़ के स्थान पर थानाधिकारी नौगांवा लगाया गया है। इसके अलावा जिलेभर में 139 एएसआई, हैडकांस्टेबल और कांस्टेबलों को भी इधर-उधर किया गया है।