अलवर

राजस्थान: SI भर्ती परीक्षा देकर लौटे युवक का पेड़ से लटका मिला शव, बैग में मिले एडमिट कार्ड, पेपर

अलवर के रैणी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। भरतपुर के नारोली निवासी 24 वर्षीय पिंटू जाटव का शव पेड़ से लटका मिला। युवक हाल ही में SI भर्ती परीक्षा देकर लौटा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

2 min read
Apr 07, 2026
घटनास्थल पर पुलिस व ग्रामीण (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान के अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कल्याणपुरा रेलवे स्टेशन के पास जंगल में एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान भरतपुर निवासी 24 वर्षीय पिंटू जाटव के रूप में हुई है, जो हाल ही में एसआई (SI) भर्ती परीक्षा में शामिल हुआ था। पुलिस को मौके से मृतक का बैग मिला है, जिसमें परीक्षा से जुड़े दस्तावेज और रेल टिकट बरामद हुए हैं।

सुबह ग्रामीण ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना

जानकारी के अनुसार, मामला रैणी थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा रेलवे जंक्शन के पास रामपुरा के जंगलों का है। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे जब एक ग्रामीण वहां से गुजर रहा था, तो उसने युवक का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलते ही रैणी थानाधिकारी (SHO) बने सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पेड़ से उतरवाकर रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

बैग से हुई मृतक की पहचान

घटनास्थल पर मृतक के शव के पास ही उसका एक बैग पड़ा मिला। तलाशी लेने पर बैग के अंदर से SI भर्ती परीक्षा का एडमिट कार्ड जिसमें परीक्षा केंद्र भरतपुर शहर दर्ज था। सॉल्व पेपर मिला इसमें परीक्षा से जुड़े कुछ हल किए हुए पेपर भी मिले। साथ ही भरतपुर से दौसा तक का एक रेल टिकट भी बरामद हुआ।

दस्तावेजों के आधार पर मृतक की शिनाख्त पिंटू जाटव (24), निवासी नारोली गांव (रुदावल, भरतपुर) के रूप में हुई। पुलिस जब मौके पर थी, तब मृतक के मोबाइल पर उसके परिजनों के कॉल भी आ रहे थे, जिससे पुलिस को सूचना देने में मदद मिली।

परीक्षा के बाद सुसाइड, जांच में जुटी पुलिस

शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिंटू भरतपुर में परीक्षा देने के बाद वहां से रैणी तक पहुंचा था। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है कि आखिर युवक भरतपुर से इतनी दूर इस निर्जन इलाके में कैसे और क्यों आया। थानाधिकारी बने सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के रैणी पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Published on:
07 Apr 2026 12:22 pm
Also Read
View All