
अलवर. 37.5 किमी सड़क का निर्माण कार्य शुरू।
Alwar Road Construction : अलवर। मालाखेड़ा क्षेत्र के 16 गांवों की वर्षों पुरानी समस्या अब दूर होने जा रही है। हल्दीना से एनएच-8 तक 37.5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा प्रदान करेगी। सड़क निर्माण के दौरान मार्ग में आने वाले करीब 480 स्थानों से अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक गांव में 40 से अधिक अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। सड़क को लगभग साढ़े पांच मीटर चौड़ा बनाया जाएगा, जिसके लिए कई स्थानों पर दो फीट से लेकर छह फीट तक अतिक्रमण हटाना पड़ेगा।
वर्तमान में सड़क की स्थिति बेहद खराब है। जगह-जगह सड़क टूट चुकी है और वाहन चालकों को हिचकोले खाते हुए गुजरना पड़ता है। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क बनने के बाद इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
पीडब्ल्यूडी विभाग ने पीलाढ़ाबा, ढाकपुरी, जमालपुर, बरखेड़ा, पाला, अचलपुरी, खेड़ली, पिचनौत, खारेड़ा, बीजवाड़ नरूका, मोहब्बतपुर और अलापुर सहित कई गांवों में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्राम सचिवों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और वे आबादी क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को सूचित करेंगे।
अतिक्रमण हटाने के लिए सात दिन का समय निर्धारित किया गया है। विभाग द्वारा तीन चरणों में नोटिस देने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर कार्य में सहयोग करें, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके।
यह सड़क हल्दीना, निठारी, पीलाढ़ाबा, ढाकपुरी, जमालपुर, बरखेड़ा, पाला, अचलपुरी, खेड़ली, पिचनौत, खारेड़ा, बीजवाड़ नरूका, मोहब्बतपुर, अलापुर और कल्याणपुरा होते हुए एनएच-8ए से जुड़ेगी। इससे क्षेत्र के लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग तक सीधी और सुगम पहुंच मिलेगी, जिससे विकास को गति मिलेगी।
सहायक अभियंता मुस्ताक खान ने बताया कि साढ़े 37 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और तय समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में जनसहभागिता महत्वपूर्ण है और लोगों के सहयोग से इसे सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा।
Published on:
31 May 2026 02:58 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
